अफसर प्रशिक्षण अकादमी में गूंजा भारत माता का जयघोष, 253 अफसर कैडेट बने सेना के अधिकारी, कंधों पर सजे सितारे

Bihar News: अफसर प्रशिक्षण अकादमी गया में शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड गरिमामय और देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में आयोजित हुई।

253 Cadets Commissioned Into Indian Army at OTA Gaya Parade
अफसर प्रशिक्षण अकादमी में गूंजा भारत माता का जयघोष,- फोटो : reporter

Bihar News: अफसर प्रशिक्षण अकादमी , गया में शनिवार को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड गरिमामय और देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में आयोजित हुई। अनुशासन, जोश और सैन्य परंपराओं के बीच कुल 253 अफसर कैडेटों ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया। इसके साथ ही इन युवा अधिकारियों ने राष्ट्रसेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत की।पासिंग आउट परेड में SSC (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 और SSC (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेट शामिल रहीं। परेड के दौरान कैडेटों का आत्मविश्वास और अनुशासन देखते ही बन रहा था। सैन्य धुनों और कदमताल के बीच जब युवा कैडेटों ने अंतिम पग पार किया तो पूरा वातावरण देशभक्ति के जज्बे से भर उठा।

समारोह में वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल समीक्षा अफसर के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पासिंग आउट परेड की सलामी ली और प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया।इस दौरान अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार को सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंडर चुने जाने पर प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने पहला स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। पी. शशि कुमार को गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला।

वहीं, Overall Order of Merit में दूसरे स्थान पर रहे दीपक सिंह रावत को राजपूत रेजिमेंट में कमीशन मिला, जबकि तीसरे स्थान पर रहे नवनीत सिंह ने पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन हासिल किया।

पासिंग आउट परेड के बाद आयोजित पिपिंग समारोह भावुक कर देने वाला रहा। अपने बेटे-बेटियों के कंधों पर चमकते सितारे देखकर परिवार के सदस्यों की आंखें खुशी और गर्व से नम हो गईं। वर्षों की मेहनत, प्रशिक्षण और कठिन सैन्य अनुशासन के बाद 253 युवा अधिकारी भारतीय सेना का हिस्सा बने।

इन युवा अधिकारियों ने देश की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए खुद को समर्पित करने का संकल्प लिया। अफसर प्रशिक्षण अकादमी गया की इस पासिंग आउट परेड ने एक बार फिर सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की उस परंपरा को रेखांकित किया, जहां युवा कैडेट अपने व्यक्तिगत सपनों से आगे बढ़कर देश के लिए जीवन समर्पित करने की राह चुनते हैं।

रिपोर्ट- मनोज कुमार