Bihar News : गया में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, ट्रक पर लोड विदेशी शराब की बड़ी खेप किया बरामद, चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : गयाजी में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है........पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया में उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित डोभी जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना और सघन जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली नंबर के ट्रक से 10 हजार से अधिक बोतलें बरामद
उत्पाद विभाग की टीम ने जांच के दौरान DL-1MB-0882 नंबर के एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर गुप्त तरीके से छिपाकर रखी गई कुल 3,528 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसमें छोटी-बड़ी कुल 10,752 बोतलें शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह खेप दूसरे राज्य से बिहार के अंदरूनी इलाकों में खपाने के लिए लाई जा रही थी।
चालक गिरफ्तार, पहचान की हो रही पुष्टि
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान धर्मेन्द्र कुमार (उम्र लगभग 36 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ और बरामद कागजातों में उसके स्थायी पते को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पहचान पत्रों और दिए गए पते की सत्यता का आधिकारिक पहचान दस्तावेजों के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि उसके सही नेटवर्क का पता चल सके।
सैप और गृह रक्षकों की रही अहम भूमिका
उत्पाद विभाग की इस पूरी सफल कार्रवाई में उत्पाद अधिकारियों के साथ-साथ सैप बल और गृह रक्षक के जवानों की टीम ने मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाई। उत्पाद विभाग की टीम द्वारा मामले में आगे की कानूनी व तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र समर्पित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गया जिले में अवैध शराब के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं और तस्करों के बीच हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
मनोज की रिपोर्ट