Bihar News : गया के जंगल में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जमीन के नीचे छिपा 5 किलो का शक्तिशाली आईईडी बरामद, सुरक्षा बलों ने किया डिफ्यूज

Bihar News : गयाजी के सिंघवा जंगल के पहाड़ी इलाके में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो वजनी शक्तिशाली प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी बरामद किया.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया के जंगल में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम,
आईईडी बरामद- फोटो : MANOJ

GAYAJI : जिले के अतिनक्सल प्रभावित लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते विफल कर दिया। सिंघवा जंगल के पहाड़ी इलाके में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो वजनी शक्तिशाली प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी बरामद किया। सुरक्षा बलों ने तत्परता और सतर्कता दिखाते हुए बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नक्सल गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा लुटुआ थाना क्षेत्र के सिंघवा जंगल में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पहाड़ी इलाके में जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। जब इलाके की गहन जांच की गई तो जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और बड़ी घटना को अंजाम देने की मंशा से आईईडी प्लांट किया था। हालांकि जवानों की सतर्कता के कारण समय रहते विस्फोटक का पता चल गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

आईईडी मिलने के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, जिसने अत्यंत सावधानी के साथ विस्फोटक को डिफ्यूज किया। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों का कहना है कि बरामद आईईडी काफी शक्तिशाली था और विस्फोट होने की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद जंगल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बल लगातार संघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि इलाके में छिपाकर रखे गए अन्य विस्फोटक या नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

सूत्रों की मानें तो गया के सीमावर्ती पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट मोड पर हैं। लगातार चल रहे ऑपरेशन के कारण नक्सलियों की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं, लेकिन बीच-बीच में वे सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते रहते हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी नक्सली गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा। इलाके के लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

मनोज की रिपोर्ट