Bihar News : बोधगया के रिसोर्ट में असामाजिक तत्वों ने की शराब पीने और स्विमिंग पुल में नहाने की मांग, रोकने पर की जमकर तोड़फोड़

Bihar News : गयाजी में रिसोर्ट के कर्मियों के साथ असामाजिक तत्वों ने जमकर मारपीट की. दरअसल उन्होंने शराब पीने और स्विमिंग पुल में नहाने की मांग की थी. जिसे कर्मियों ने मना कर दिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : बोधगया के रिसोर्ट में असामाजिक तत्वों ने की शरा
कर्मियों से मारपीट - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल गयाजी के बोधगया थाना क्षेत्र स्थित नेवतापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ 'द हंगर बाइट रिसोर्ट' में कुछ असामाजिक तत्वों ने अनधिकृत रूप से प्रवेश कर होटल स्टाफ के साथ गंभीर मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद रिसोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पूरी वारदात रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

रिसोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत दिन में हुई जब कुछ युवक रिसोर्ट पहुंचे। वे वहाँ जबरन शराब पीने और स्विमिंग पूल में नहाने की जिद करने लगे। इस पर होटल के स्टाफ ने बेहद शालीनता से उन्हें समझाया कि पूल का पानी गंदा है और उसकी सफाई के बाद ही इसका उपयोग किया जा सकता है, इसलिए वे थोड़ा इंतजार करें। स्टाफ के इस अनुरोध से युवक उग्र हो गए और देख लेने की धमकी देते हुए उस वक्त वहां से चले गए।

आरोप है कि उसी रात करीब आठ बजे आरोपी अमर यादव, पंकज यादव अपने अन्य सहयोगियों के साथ अत्यधिक नशे की हालत में दोबारा रिसोर्ट पहुंचे। होटल में दाखिल होते ही उन्होंने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया और विरोध करने पर कर्मचारियों पर टूट पड़े। आरोपियों ने न सिर्फ रिसोर्ट के स्टाफ के साथ जमकर मारपीट की, बल्कि वहाँ ठहरे अन्य ग्राहकों और पर्यटकों के साथ भी बेहद बदसलूकी की और पूरे परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

घटना के दौरान कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अपने स्टाफ मैनेजर को दी, जिन्होंने बिना देर किए रिसोर्ट के मालिक रोशन कुमार को पूरे मामले से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रिसोर्ट प्रबंधन ने तुरंत बोधगया थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

लिखित शिकायत मिलने के बाद बोधगया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर रही है। हालांकि, इस घटना के बाद से रिसोर्ट में काम करने वाले कर्मचारियों और ठहराव करने वाले पर्यटकों के बीच भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट