मगध मेडिकल अस्पताल के प्रधान लिपिक से मारपीट: घर लौटने के दौरान बदमाशों ने किया हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
Gayaji : शहर स्थित सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुधा डेयरी के समीप एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मगध मेडिकल अस्पताल के प्रधान लिपिक राजेश कुमार के साथ रास्ते में बेखौफ बदमाशों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना के समय पीड़ित अस्पताल से ड्यूटी खत्म कर अपने घर गोलबगीचा देवी स्थान लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और लहूलुहान कर दिया।
बुजुर्ग को धक्का मारने का झूठा आरोप लगाकर चेहरे पर मारे घूंसे
पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि पीछे से आए स्कूटी सवार तीन युवकों ने अचानक उनके आगे गाड़ी लगा दी। युवकों ने उन पर किसी बुजुर्ग को धक्का मारने का बेबुनियाद आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब तक वह कुछ समझ पाते, तीनों युवकों ने उनके चेहरे पर ताबड़तोड़ घूंसे मारने शुरू कर दिए, जिससे उनका चश्मा टूट गया तथा नाक और होंठ पर गंभीर चोटें आईं।
सोची-समझी साजिश की आशंका, किसी के इशारे पर हमले का आरोप
राजेश कुमार का कहना है कि उन्होंने हमलावरों को समझाने की काफी कोशिश की और अपना परिचय मगध मेडिकल अस्पताल के प्रधान लिपिक के रूप में दिया, लेकिन वे नहीं माने। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे, तो तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह हमला किसी के इशारे पर कराई गई सोची-समझी साजिश हो सकती है।
सिविल लाइंस थाना में लिखित शिकायत, सीसीटीवी से पहचान की मांग
घटना के बाद पीड़ित लिपिक ने सिविल लाइंस थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि घटनास्थल के आसपास लगी दुकानों और सड़कों के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जाए ताकि तीनों हमलावरों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी संभव हो सके।
थाना प्रभारी का बयान: जांच के बाद होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइंस थाना प्रभारी शमीम अहमद ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट