विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पितृपक्ष मेला की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए कई कड़े निर्देश
Gayaji : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गयाजी टाउन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने 25 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और पिंडदान स्थलों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण करें।
सड़कों की मरम्मती, सफाई और शुद्ध पेयजल का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र के टूटे हुए मुख्य मार्गों, नालियों और खुले मैनहोलों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए ताकि आवागमन सुगम बना रहे। नगर निगम द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराई जा रही सफाई व्यवस्था की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा घाटों व धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के लिए 17 स्थानों पर वैट-प्याऊ व अस्थायी पनशालाओं की व्यवस्था करने के साथ-साथ रामकुंड, गोदावरी, ब्रह्मसत्य एवं वैतरणी तालाबों के मिनी झरनों की मरम्मती के निर्देश दिए गए।
निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु 7 नियंत्रण कक्ष और व्यापक इंतजाम
विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश के अनुसार, मेले में 24 घंटे निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति के लिए 7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पोलों पर डाइइलेक्ट्रिक पेंट करने, 9 किलोमीटर कवर एबी केबल बिछाने, खुले तारों को ढंकने और 8 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता 200 से बढ़ाकर 315 केवीए करने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सीता कुंड व प्रेतशिला पहाड़ी क्षेत्रों में अतिरिक्त पोल व ट्रांसफॉर्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
लाइटिंग, हाईमास्ट और लेजर लाइट शो से सजेगा गयाजी
मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए सर्वे कराकर खराब स्ट्रीट लाइटों की जगह नई लाइटें लगाने और भीड़भाड़ वाले ब्लैक स्पॉट पर हाईमास्ट व मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाने की योजना है। इस बार श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराने के लिए एक विशेष लेजर लाइट शो का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से गयाजी की सनातन परंपरा और पिंडदान के महत्व को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा।
'अतिथि देवो भव' की भावना से श्रद्धालुओं का स्वागत
डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों से कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत 'अतिथि देवो भव' की भावना के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, पथ निर्माण विभाग और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्हें नियमित निरीक्षण और समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।
मनोज की रिपोर्ट