शातिर वाहन चोरों का दुस्साहस, स्विफ्ट डिजायर से आए और उड़ा ले गए स्कॉर्पियो
गया जी में वाहन चोरों ने लोगो की नींद उड़ा रखी है। आए दिन जिले के किसी ने किसी इलाके से वाहन चोरी की घटना की खबर आम बात हो गई है। चोरों ने इस बार किसी आम बाइक या छोटी गाड़ी को नहीं, बल्कि एक लग्जरी स्कॉर्पियो को अपना निशाना बनाया है....
Gayaji : जिले में वाहन चोरों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। चोरों ने इस बार किसी आम बाइक या छोटी गाड़ी को नहीं, बल्कि एक लग्जरी स्कॉर्पियो को अपना निशाना बनाया है। मामला गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डेल्हा बस स्टैंड के समीप का है। देर रात अज्ञात चोर एक स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे। चोरों ने पहले पूरे इलाके की अच्छी तरह से रेकी की और फिर घर के नीचे खड़ी स्कॉर्पियो को बड़ी ही आसानी से लेकर रफूचक्कर हो गए।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात, चोर का चेहरा और कार नंबर आया सामने
हैरानी की बात यह है कि चोरों की यह पूरी करतूत आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर का चेहरा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार का नंबर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी की यह तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं और पुलिस के लिए चोरों तक पहुंचने का सबसे बड़ा जरिया बन गई हैं।
जहानाबाद टोल प्लाजा पार करते दिखे वाहन, गया-पटना मार्ग से भागे आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर चोर स्कॉर्पियो को लेकर गया-पटना मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। चोरी की कड़ियों को जोड़ते हुए जब पुलिस ने आगे जांच की, तो जहानाबाद टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में भी एक बड़ा सुराग हाथ लगा। टोल प्लाजा के फुटेज में स्विफ्ट डिजायर और चोरी की गई स्कॉर्पियो, दोनों गाड़ियां एक साथ टोल पार करते हुए दिखाई दे रही हैं, जिससे साफ है कि चोर गिरोह योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा था।
पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी, इंद्रजीत के घर के नीचे खड़ी थी गाड़ी
स्कॉर्पियो के मालिक आनंद कुमार ने इस संबंध में डेल्हा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, उनका वाहन इंद्रजीत उर्फ फंतुस कुमार के घर के नीचे सुरक्षित खड़ा था, जहां से देर रात चोरों ने इसे गायब कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय गाड़ी मालिकों में भी अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।
पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग, जांच और चोरों की तलाश तेज
सीसीटीवी फुटेज और गाड़ियों के नंबर हाथ लगने के बाद डेल्हा थाना पुलिस मामले की छानबीन में मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मिले सुरागों के आधार पर चोरों के ठिकाने का पता लगाया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या इन पुख्ता सबूतों के दम पर गया पुलिस इस अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर पाती है या फिर यह केस भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
मनोज कुमार की रिपोर्ट