पवन सिंह को पउवा स्टार कहना पड़ा महंगा, पावर स्टार की छवि बिगाड़ने की कोशिश पड़ी भारी, सलाखों के पीछे पहुंचा सोशल मीडिया का शातिर

Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और एनएलसी पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

Pawan Singh Remark Case Social Media User Arrested
पवन सिंह को पउवा स्टार कहना पड़ा भारी,- फोटो : reporter

Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और एनएलसी पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी सोनू यादव को पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल सबूतों के आधार पर धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पवन सिंह और उनके परिवार के सदस्यों को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पवन सिंह के परिवार की ओर से करीब 15 दिन पहले भोजपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की तफ्तीश शुरू की।

साइबर सेल ने डिजिटल फुटप्रिंट, ऑनलाइन गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की गहन पड़ताल के बाद आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लंबे प्रयास के बाद भोजपुर साइबर थाना की टीम ने आमस थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब इस मामले की तह तक जाने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आपत्तिजनक पोस्ट के पीछे आरोपी अकेला था या फिर किसी बड़े नेटवर्क या साजिश का हिस्सा था। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्क सूत्रों और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

आमस थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली टिप्पणी या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर मर्यादा और कानून की सीमा लांघने वालों में हड़कंप मच गया है। साइबर पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश दे रही है कि डिजिटल दुनिया में भी कानून का शिकंजा उतना ही मजबूत है और अपराधियों को उनके ऑनलाइन कृत्यों का जवाब कानून के कटघरे में देना होगा।

रिपोर्ट-मनोज कुमार