Bihar Politics: बिहार में अब जाति-धर्म नहीं, विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर होगी आगे की बात, विजय सिन्हा ने कर दिया बड़ा दावा
Bihar Politics: गया में बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि राज्य की राजनीति अब जाति, धर्म और लिंग के आधार पर समाज को बांटने के बजाय विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर आगे बढ़ेगी। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति का केंद्र गरीब, युवा, महिला और किसान होने चाहिए।
विजय सिन्हा ने कहा कि बिना संघर्ष के बड़े राजनीतिक पदों तक पहुंचने वाले लोग जमीन की वास्तविक समस्याओं को पूरी तरह नहीं समझ सकते। उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति को भी समाज के लिए नुकसानदेह बताया और कहा कि बिहार को अब विकास की राजनीति की जरूरत है।
कृषि मंत्री के मुताबिक सरकार किसानों को ‘खेत से बाजार’ तक जोड़ने के लिए किसान उत्पादक संगठनों यानी FPO को मजबूत कर रही है। जल संकट को देखते हुए ‘लैब से लैंड’ की रणनीति के तहत कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाले बीज और आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने की योजना है।
उन्होंने 33 एकड़ में सीधी धान बुआई के सफल प्रयोग का भी जिक्र किया। साथ ही बीज, खाद और कृषि योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का दावा किया। सरकार की प्राथमिकता में छोटे किसान, भूमिहीन कृषि श्रमिक और सिंचाई व्यवस्था को भी शामिल बताया गया।
रिपोर्ट- मनोज कुमार