3 बजे तक इंतजार कीजिए...बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार बोले- अंतिम नतीजा ही होगा निर्णायक
Bankipur Bypoll Result: बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की लगातार बढ़त के बीच बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संयमित प्रतिक्रिया दी है।...
Bankipur Bypoll Result: बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की लगातार बढ़त के बीच बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संयमित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभी मतगणना पूरी नहीं हुई है, इसलिए किसी भी तरह का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। लोकतंत्र में अंतिम और आधिकारिक परिणाम का इंतजार करना ही उचित है।
गया शहर स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि चुनावी रुझान लगातार बदलते रहते हैं और कई बार शुरुआती बढ़त अंतिम नतीजों में बदल जाती है, तो कई बार तस्वीर पूरी तरह उलट भी जाती है। इसलिए अंतिम घोषणा से पहले किसी की जीत या हार तय मानना सही नहीं होगा।
उन्होंने कहा अभी रिजल्ट फाइनल नहीं हुआ है। 3 बजे तक देख लीजिए, चुनाव में आगे-पीछे होता रहता है। अंतिम रिजल्ट को ही माना जाता है। हमें विश्वास है कि दोपहर 3 बजे तक तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और सबके सामने अंतिम परिणाम आ जाएगा।
बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी इस सीट पर हर राउंड के साथ मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष का यह बयान राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने दोहराया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग द्वारा घोषित अंतिम परिणाम ही सर्वमान्य होता है। उन्होंने कहा कि मतगणना पूरी होने दीजिए, उसके बाद ही वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल पूरे बिहार की निगाहें बांकीपुर के अंतिम नतीजे पर टिकी हुई हैं, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
रिपोर्ट- प्रेमशंकर