गया के बीएसएफ अधिकारी प्रभाकर भारती को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, शोक में डूबा क्षेत्र

शहीद अधिकारी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचे। इस दौरान सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी।

BSF Officer Prabhakar Bharti
BSF Officer Prabhakar Bharti - फोटो : news4nation

Bihar News :  गया जिले के अतरी प्रखंड के सीड पंचायत स्थित दुललीचक गांव निवासी बीएसएफ अधिकारी प्रभाकर भारती उर्फ मंटू सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया था। बुधवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।


शहीद अधिकारी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचे। इस दौरान सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।


अंतिम विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया। उपस्थित लोगों ने प्रभाकर भारती की देश सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि उन्होंने राष्ट्र की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।


प्रभाकर भारती के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और जिले में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें देश का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी।

मनोज की रिपोर्ट