Bihar News: रेलवे गुमटी के पास धू-धू कर जली कार, मचा हड़कंप

Bihar News: एक कार में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी जद में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।...

Car Catches Fire Near Gaya Railway Crossing Driver Missing
रेलवे गुमटी के पास धू-धू कर जली कार,- फोटो : reporter

Bihar News: गया के गोविंदपुर रेलवे गुमटी के पास मंगलवार देर रात एक कार में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी जद में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

फिलहाल कार में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के वक्त कार चालक भी मौके पर मौजूद नहीं था। ऐसे में आग कैसे लगी, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

आग बुझाने की कार्रवाई में अग्निक चालक राजेश रंजन, अग्निक रंजन कुमार, शिवेश कुमार, अखिलेश कुमार, संजू कुमारी और सरिता गुप्ता शामिल रहे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोकने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।

गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के इलाके में आग फैलने का खतरा टल गया। देर रात रेलवे गुमटी के समीप कार में आग लगने की घटना से कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से घटना की पड़ताल की जा रही है। कार मालिक और चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आग लगने के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार