Bihar News : गया का चिलीम गांव बना निरामिषों की पहचान, शादी-ब्याह में भी अपना भोजन और पानी लेकर जाते हैं ग्रामीण, 500 साल से कायम है परंपरा
Bihar News :करीब 2000 की आबादी वाले गया जिले के चिलिम गांव में पिछले लगभग 500 वर्षों से मांसाहारी भोजन बनाने और खाने की सख्त मनाही है। यहां के 95 फीसदी लोग पूरी तरह शाकाहारी हैं।
GAYAJI : बिहार के गया जिले के शेरघाटी प्रखंड का चिलीम गांव अपनी अनोखी परंपरा के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है। करीब 300 घरों और 2000 की आबादी वाले इस गांव में पिछले लगभग 500 वर्षों से मांसाहारी भोजन बनाने और खाने की परंपरा नहीं है। गांव के करीब 95 फीसदी लोग पूरी तरह शाकाहारी हैं। खास बात यह है कि यहां बड़ी संख्या में ऐसे परिवार भी हैं, जो लहसुन और प्याज तक का सेवन नहीं करते हैं। चिलीम गांव में रहने वाले लोग मांस, मछली, अंडा और शराब से पूरी तरह दूरी बनाए रखते हैं। गांव के लोगों का कहना है कि यह कोई सामाजिक नियम या दबाव नहीं, बल्कि उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही धार्मिक मान्यता और परंपरा है, जिसे आज भी नई पीढ़ी निभा रही है।
शादी-ब्याह में भी साथ लेकर जाते हैं भोजन और पानी
गांव के लोगों की शाकाहार के प्रति शौक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब वे किसी दूसरे गांव में शादी-विवाह या अन्य समारोह में शामिल होने जाते हैं, तो अपना भोजन और पानी साथ लेकर निकलते हैं। उन्हें आशंका रहती है कि बाहर जिस बर्तन में भोजन बनाया गया होगा, उसमें पहले मांसाहारी खाना बना हो सकता है। इसलिए वे घर से सत्तू, रोटी और पानी लेकर जाते हैं। यहां तक कि गांव से किसी की बारात जाती है, तो लड़की वालों को पहले ही बता दिया जाता है कि भोजन पूरी तरह शाकाहारी होना चाहिए।
शिव गुरु, गायत्री परिवार और जय गुरुदेव से जुड़े हैं ग्रामीण
चिलीम गांव को शाकाहारियों के साथ सत्संगियों का गांव भी कहा जाता है। यहां के लोग शिव गुरु, मां गायत्री और जय गुरुदेव से जुड़े हुए हैं। गांव में अलग-अलग जातियों के लोग रहते हैं, लेकिन शाकाहारी परंपरा सभी के बीच समान रूप से दिखाई देती है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 95 फीसदी आबादी मांसाहार से पूरी तरह दूर है। हालांकि नई पीढ़ी के कुछ युवाओं ने पिछले कुछ वर्षों में लहसुन-प्याज खाना शुरू किया है, लेकिन मांसाहार से दूरी की परंपरा अब भी कायम है।
60 वर्षों से चावल तक नहीं खाया
गांव के बुजुर्ग शिव शंकर पासवान बताते हैं कि उनके पूर्वज भी पूरी तरह शाकाहारी थे और वे भी उसी परंपरा का पालन कर रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले 60 वर्षों से उन्होंने चावल तक नहीं खाया है। वे केवल रोटी और सत्तू खाते हैं। लहसुन-प्याज का भी सेवन नहीं करते। उनके अनुसार, अगर शरीर पर मुर्गे का पंख भी छू जाए तो वे स्नान और पूजा करते हैं। वे बताते हैं कि गांव में सभी जातियों के लोग इस परंपरा को मानते हैं।
नई पीढ़ी भी निभा रही है परंपरा
गांव के युवक बिट्टू कुमार बताते हैं कि उनके गांव में मांसाहारी भोजन बनाने की परंपरा ही नहीं है। करीब दस साल पहले तक अधिकांश घरों में लहसुन-प्याज भी नहीं खाया जाता था। आज भी बड़ी संख्या में परिवार इससे परहेज करते हैं। उन्होंने बताया कि गांव से बारात जाने से पहले ही शाकाहारी भोजन की शर्त बता दी जाती है। अगर किसी कार्यक्रम में मांसाहारी भोजन की जानकारी मिलती है, तो ग्रामीण वहां भोजन नहीं करते हैं। वहीं, ग्रामीण देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि करीब 300 घरों और 2000 की आबादी वाले गांव में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का शाकाहारी रहना अपने आप में खास बात है। उनके अनुसार, यह परंपरा दादा-परदादा और कई पीढ़ियों से चली आ रही है।
कोल-भील राजा के गढ़ से भी जुड़ा है गांव का इतिहास
चिलीम गांव की पहचान केवल शाकाहारी परंपरा तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, इस गांव में कभी कोल-भील राजा का गढ़ हुआ करता था। आज भी गांव में गढ़नुमा प्राचीन स्थान मौजूद है, जिसे यहां के इतिहास से जोड़कर देखा जाता है। गांव के नाम को लेकर भी अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं। कुछ लोग इसे पुराने समय में चिलम से तंबाकू पीने वालों की अधिक संख्या से जोड़ते हैं, जबकि कुछ अन्य मान्यताएं भी बताते हैं। खेती-किसानी यहां के लोगों का पारंपरिक मुख्य पेशा रहा है। ग्रामीण मेहनती हैं और सीमित संसाधनों में भी संतुष्ट जीवन जीते हैं। आधुनिक दौर में रहन-सहन और खानपान तेजी से बदल रहा है, लेकिन गया का चिलीम गांव आज भी अपनी करीब पांच सौ साल पुरानी शाकाहारी परंपरा को संजोए हुए है। यही वजह है कि यह गांव निरामिषों और सत्संगियों के गांव के रूप में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।
मनोज की रिपोर्ट