NEET पेपर लीक मामले को लेकर गया में कांग्रेस का सत्याग्रह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग

नीट पेपर लीक मामले को लेकर एक छात्र संगठनों के आंदोलन में राजनीतिक दल भी शामिल हो गए है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को गया जी में कांग्रेस ने एकदिवसीय सत्याग्रह का आयोजन किया। इस दौरान केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किये जाने की मांग की....

NEET पेपर लीक मामले को लेकर गया में कांग्रेस का सत्याग्रह, क
गया में कांग्रेस का सत्याग्रह- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षा परिणामों में कथित भ्रष्टाचार व घोटालों को लेकर गया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गयाजी के स्थानीय चौक पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय सत्याग्रह का आयोजन किया। इस सत्याग्रह के माध्यम से नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से तुरंत बर्खास्त करने की जोरदार मांग की।


विपक्ष और छात्रों के लगातार विरोध के बाद भी सरकार खामोश

सत्याग्रह कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार 'झुंना' ने की। सत्याग्रह में शामिल नेताओं ने कहा कि देश भर के छात्र, नवजवान, सामाजिक कार्यकर्ता और विपक्षी दल महीनों से धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और संसद से सड़क तक आंदोलन कर रहे हैं। यहाँ तक कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास तक प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार शिक्षा मंत्री का इस्तीफा न लेकर मामले की अनदेखी कर रही है।


वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर दिया धरना

इस दौरान बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, अमित कुमार उर्फ रिंकू सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, दामोदर गोस्वामी, सैफुल्ल इस्लाम, मदीना खातून, शौकत नवाब अली, रंजीत सिंह, ओंकार शक्ति, अर्जुन गुप्ता, चंदन कुमार महतो, शंभु शर्मा, बबलू कुमार, परशुराम सिंह, मनोज मालाकार, सोहराब खान, शिवनाथ प्रसाद और विनोद श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न नारों और मांगों की तख्तियां लेकर घंटों सत्याग्रह पर बैठे रहे।


12 वर्षों में 150 से अधिक पेपर लीक का लगाया गंभीर आरोप

सत्याग्रह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के 150 से अधिक बार पेपर लीक हो चुके हैं। इस लगातार हो रही गड़बड़ी से देश भर के युवाओं और छात्रों का आक्रोश अब ज्वालामुखी बनकर फूट रहा है। नेताओं ने "छात्र-युवा नहीं झुकेगा, राहुल नहीं रुकेगा" के गगनभेदी नारे लगाते हुए मांग की कि आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लिया जाए, छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई की जाए और सरकार इसके लिए माफी मांगे।


25 जुलाई को गया के सभी 24 प्रखंडों में फूंका जाएगा शिक्षा मंत्री का पुतला

कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री को उनके पद से हटाया नहीं जाता और संसद में इस मुद्दे पर खुली बहस नहीं होती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। इसी क्रम में आगामी 25 जुलाई 2026 को गया जिले के सभी 24 प्रखंडों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट