Bihar News : विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर कांग्रेस का तीखा हमला, कहा- ‘मोदी सरकार के खिलाफ फूटा जन-आक्रोश का ज्वालामुखी’
Bihar News : कांग्रेस नेता प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू ने कहा की तीन राज्यों के विधानसभा उपचुनाव के परिणाम देश की राजनीति को नई दिशा देगी....पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में हुए विधानसभा उपचुनावों के आए नतीजों पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों की करारी हार जनता के बदलाव की उस ज्वालामुखी का नतीजा है, जिसके आगे धन, बल, सत्ता और धार्मिक ध्रुवीकरण जैसी कोई भी चीज टिक नहीं पाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश भर में आए यह उपचुनाव परिणाम लोकतंत्र, शिक्षा और आम जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वाली नीतियों का करारा जवाब हैं। नेताओं का आरोप है कि पिछले 12 वर्षों की मोदी सरकार के कार्यकाल में 'वोट चोरी, पेपर चोरी और चंदा चोरी' जैसे कुकृत्यों के खिलाफ छात्र, युवा, किसान, मजदूर और आम नागरिक गोलबंद हुए हैं। इसी राष्ट्रव्यापी असंतोष और विशाल जन-आंदोलन का परिणाम इन चुनावी नतीजों में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
NEET और अन्य भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर बिहार की धरती तक छात्रों का आक्रोश इस कदर बढ़ा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार संसद से सड़क तक छात्रों की मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं और अब वे केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं, जिसका पूरे देश में व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में देश के किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और कर्मचारियों पर बार-बार पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई है। नेताओं का मानना है कि वर्षो बाद भाजपा द्वारा मंत्रियों के इस्तीफे लेने की नई परंपरा शुरू हुई है और गृह मंत्री को भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। इस संयुक्त वक्तव्य में दामोदर गोस्वामी, राम प्रमोद सिंह, टिंकू गिरी, सुनील कुमार पासवान और मुन्ना मांझी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने एक स्वर में दावा किया कि बांकीपुर और दतिया के उपचुनाव नतीजे आगामी समय में देश और राज्यों की राजनीति में बड़े बदलाव का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं।