Bihar News : बिहार सरकार के टोल और होल्डिंग टैक्स लेने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, सीएम सम्राट चौधरी का फूंका पुतला
Bihar News : कांग्रेस ने राज्यस्तरीय सड़कों का टोल टैक्स एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घरों के होल्डिंग टैक्स की घोषणा के खिलाफ मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार की एनडीए सरकार द्वारा राज्यस्तरीय स्टेट हाईवे, पुल-पुलियों पर वाहनों से टोल टैक्स वसूलने और ग्रामीण क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स लगाने की घोषणा के खिलाफ विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। इस फैसले को 'तुगलकी फरमान' करार देते हुए कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस फैसले को अविलंब वापस लेने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह और दामोदर गोस्वामी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सरकार को आड़े हाथों लिया। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने सूबे की सड़कों तथा पुल-पुलियों पर चलने वाले वाहनों से प्रति किलोमीटर 1.25 रुपये से लेकर 8.10 रुपये तक टोल टैक्स वसूलने और गांवों के घरों से सफाई के नाम पर प्रतिवर्ष 1,200 रुपये होल्डिंग टैक्स लेने की जो घोषणा की है, वह पूरी तरह जनविरोधी है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति से घबराकर नीतीश-सम्राट सरकार अब आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई और पहले से बढ़े बेतहाशा टैक्स के बोझ से बिहारवासी पहले ही त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, ऐसे में ग्रामीण इलाकों पर नया टैक्स लादना जले पर नमक छिड़कने के समान है। नेताओं ने दावा किया कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में बिहार में पहले से ही टैक्स की दरें काफी अधिक हैं, इसके बावजूद जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वह राज्य के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने देगी। इस जनविरोधी टैक्स की घोषणा को वापस कराने हेतु कांग्रेस तब तक सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी, जब तक सरकार अपने कदम पीछे नहीं खींच लेती। पार्टी ने साफ किया कि जनता के हक की इस लड़ाई को और धार दी जाएगी। आंदोलन की अगली रणनीति का खाका खींचते हुए नेताओं ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन के दूसरे चरण में जिला के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह चरणबद्ध आंदोलन आगामी 08 जुलाई से शुरू होकर 12 जुलाई तक लगातार चलेगा, ताकि सरकार पर चौतरफा दबाव बनाया जा सके। पुतला दहन कार्यक्रम में राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, विनोद बनारसी, धर्मेंद्र कुमार निराला, कुमार गौरव, अभिषेक शर्मा, सुनील कुमार पासवान और इंदल पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।