Budget 2026 : ‘बिहार को मिला सिर्फ झुनझुना’, केंद्रीय बजट पर कांग्रेस का बड़ा हमला, कांग्रेस प्रवक्ता विजय मिट्ठू बोले- राज्य को फिर किया गया नाउम्मीद
GAYAJI : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में पेश किए गए आम बजट 2026-27 को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के लिए अत्यंत निराशाजनक और 'नाउम्मीद' करने वाला बताया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार का यह ग्यारहवां बजट आम आदमी की जेब काटने वाला और पूंजीपतियों की तिजोरी भरने वाला दस्तावेज मात्र है।
विजय कुमार मिट्ठू ने बजट के मुख्य बिंदुओं की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी और गंभीर मुद्दों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में केवल हवा-हवाई बातें की गई हैं और आयकर में रियायत के नाम पर केवल कानूनी अड़चनों का जाल बुना गया है। कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग 'पुरानी पेंशन योजना' (OPS) को बहाल न करना केंद्र सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
बिहार के संदर्भ में कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि एक बार फिर राज्य को 'विशेष राज्य का दर्जा' देने की मांग अनसुनी कर दी गई। इसके अलावा, पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा न मिलना और स्मार्ट सिटी की सूची में 'गयाजी' को शामिल न करना यह साबित करता है कि केंद्र की प्राथमिकता में बिहार के हित शामिल नहीं हैं। उन्होंने गयाजी से दक्षिण और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनें शुरू न करने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
राज्य की लंबित परियोजनाओं का जिक्र करते हुए विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि वर्षों पहले शिलान्यास किए गए 'ऐरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट' के निर्माण को लेकर बजट में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने केंद्र पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार को विकास के नाम पर केवल 'झुनझुना' थमाया गया है। जहाज मरम्मत फैक्ट्री और बनारस-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स में बिहार का हिस्सा महज एक भौगोलिक मजबूरी है, न कि राज्य के लिए कोई विशेष सौगात।
अंत में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह बजट गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और किसानों की आकांक्षाओं के खिलाफ है। रोजगार सृजन की किसी भी स्पष्ट नीति के अभाव में यह बजट देश की युवा शक्ति को अंधकार में धकेलने वाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी और बिहार विरोधी बजट के खिलाफ जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी।