Bihar Crime: करोड़ों के बकाया विवाद में नया बवाल, कोयला कारोबारी ने मिर्च पाउडर से हमले का लगाया आरोप, IG से न्याय की लगाई गुहार

Bihar Crime: झारखंड के चतरा निवासी कोयला कारोबारी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने प्रेस वार्ता कर संतोष अग्रवाल, उनकी मां बुची देवी और पत्नी सरिता देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Bihar Crime:  करोड़ों के बकाया विवाद में नया बवाल, कोयला कार
करोड़ों के बकाया विवाद में नया आरोप- फोटो : MANOJ

Gayaji:  जिले के इमामगंज नगर पंचायत क्षेत्र के गड़ेरिया गांव में ₹4.61 करोड़ के बकाया भुगतान को लेकर चल रहा विवाद अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। झारखंड के चतरा निवासी कोयला कारोबारी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने प्रेस वार्ता कर संतोष अग्रवाल, उनकी मां बुची देवी और पत्नी सरिता देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। धर्मेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह बकाया राशि की मांग करने के दौरान उनके ऊपर मिर्च पाउडर फेंककर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरे मामले से जुड़े कुछ दृश्य दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

कारोबारी का कहना है कि संतोष अग्रवाल पर उनका करीब ₹4.61 करोड़ बकाया है। राशि की वसूली के लिए वह पिछले डेढ़ महीने से इमामगंज में उनके घर के पास किराये के कमरे में रह रहे हैं। उनका आरोप है कि भुगतान से बचने के लिए उनके साथ यह कथित हमला किया गया। धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी विवाद या दबाव बनाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी मेहनत की कमाई वापस लेने के लिए है। उन्होंने दावा किया कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वह पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मगध प्रमंडल के आईजी विकास वैभव से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। कारोबारी ने आग्रह किया है कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूरे मामले का समाधान कराया जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बातचीत की पहल नहीं होती है तो वह आगे की रणनीति तय करेंगे।

वहीं, इस पूरे मामले में संतोष अग्रवाल, बुची देवी और सरिता देवी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस या प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार