Pitru Paksha Mela: पिंडदानियों के स्वागत को स्वच्छ हुआ सीताकुंड, CRPF जवानों ने चलाया विशेष सफाई अभियान
Pitru Paksha Mela: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला को लेकर सीताकुंड में तैयारियां तेज हो गई हैं।...
Pitru Paksha Mela: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला को लेकर सीताकुंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। पिंडदानियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए 47 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से सीताकुंड परिसर और आसपास के इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कमांडेंट अवधेश कुमार के निर्देशन में द्वितीय कमान अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह एवं डिप्टी कमांडेंट पंकज कुमार के नेतृत्व में सीआरपीएफ जवानों ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान जवानों ने सीताकुंड परिसर के अलावा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। जवानों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश भी दिया।

इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पिंडदानी गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीताकुंड पितृपक्ष मेला के दौरान महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल होता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भी सहयोग करना चाहिए।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही डालें। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रशासन और सुरक्षाबलों का सहयोग करें। अभियान के दौरान जवानों ने स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता भी फैलायी।पितृपक्ष मेला से पहले सीआरपीएफ के इस अभियान ने स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के इस बड़े आयोजन में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की मुहिम श्रद्धालुओं के लिए भी सकारात्मक संदेश लेकर आई है।
राजगीर सिंह की रिपोर्ट