सर्च अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी 4-5 किलो की IED बरामद, सुरक्षाबलों ने मौक पर किया नष्ट

गया जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई शक्तिशाली आईईडी (IED) को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया है.....

सर्च अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी 4-5 किलो की IED
गया के सिंघवा इलाके में बरामद हुआ शक्तिशाली आईईडी बम- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को सर्च अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिंघवा इलाके के पास जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 4 से 5 किलोग्राम वजन की शक्तिशाली आईईडी (IED) बरामद की गई। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही इसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर एक बड़े हादसे को टाल दिया।


डी/215 बटालियन CRPF ने शुरू किया था सघन तलाशी अभियान

डी/215 बटालियन सीआरपीएफ को क्षेत्र में आईईडी लगाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे डी कंपनी के जवानों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कैंप नागोबार से गुलरियातरी होते हुए सिंघवा इलाके तक सर्च अभियान चलाया।


डिटेक्टर की बीप से पकड़ी गई आईईडीस्टील कंटेनर में थी पैक

सिंघवा इलाके में जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से बीप की आवाज मिलने पर जवानों ने सतर्कता बरतते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। सावधानीपूर्वक खुदाई करने पर काले रंग की पॉलिथीन में लपेटा हुआ एक स्टील कंटेनर मिला। जांच में पाया गया कि उसमें कमांड मैकेनिज्म से युक्त 4 से 5 किलो की आईईडी लगाई गई थी।


BDDS टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से किया धमाका

सुरक्षाबलों ने तुरंत सीआरपीएफ की बम निरोधक एवं डिटेक्शन टीम (BDDS) को मौके पर बुलाया। बीडीडीएस कर्मियों ने कड़ी सुरक्षा और विशेष सावधानी के साथ आईईडी को उसी स्थान पर सुरक्षित तरीके से विस्फोट कराकर नष्ट कर दिया। इसके बाद इलाके में दोबारा सर्च अभियान चलाया गया ताकि अन्य विस्फोटकों की संभावना को खारिज किया जा सके।


सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की थी नक्सलियों की साजिश

अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हरकत अज्ञात नक्सलियों की प्रतीत होती है, जिन्होंने गश्ती पर निकले पुलिस और सुरक्षा बलों के वाहनों या जवानों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह विस्फोटक छिपा रखा था। कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर गौरव कुमार के नेतृत्व में हुई इस सफल कार्रवाई के बाद इलाके में सघन गश्त जारी है।


मनोज की रिपोर्ट