ई-रिक्शा चालक बना अरबपति: खाते में आए 7.5 अरब रुपये, मैसेज देख उड़े होश

गया जी शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक साधारण ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक अरबों रुपये आ गए। इतनी बड़ी रकम देखकर न सिर्फ खाताधारक का दिमाग हिल गया, बल्कि पूरे मोहल्ले और घर में इस बात की चर्चा आग की तरह फैल गई....

ई-रिक्शा चालक बना अरबपति: खाते में आए 7.5 अरब रुपये, मैसेज द
ई-रिक्शा चालक बना अरबपति- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : बिहार के गया जी शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक साधारण ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक अरबों रुपये आ गए। डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ले के रहने वाले शिव कुमार पटेल के मोबाइल पर जब बैंक का मैसेज आया, तो उसमें उपलब्ध शेष राशि (Available Balance) ₹7,596,951,951.16 (सात अरब, उन्सठ करोड़, छियानवे लाख, इक्यावन हजार, नौ सौ इक्यावन रुपये और सोलह पैसे) दिखा रहा था। इतनी बड़ी रकम देखकर न सिर्फ खाताधारक का दिमाग हिल गया, बल्कि पूरे मोहल्ले और घर में इस बात की चर्चा आग की तरह फैल गई।


पेंशन निकालने गए थे बुजुर्ग

शिव कुमार पटेल एक साधारण परिवार के मुखिया हैं और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशनभोगी भी हैं। शनिवार को वे अपनी पेंशन की राशि निकालने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बागेश्वरी मोहल्ले में स्थित सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) पर गए थे। उन्होंने वहां बायोमेट्रिक माध्यम से 1,000 की निकासी की, जिसके तुरंत बाद उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैलेंस का यह हैरान कर देने वाला मैसेज आया।


सीएसपी संचालक ने दी जानकारी

जैसे ही शिव पटेल के मोबाइल पर मैसेज आया, वहां मौजूद सीएसपी संचालक की नजर उनके 'अवेलेबल बैलेंस' पर पड़ी। सात अरब रुपये से अधिक की राशि देखकर संचालक के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी जानकारी शिव पटेल को दी। इसके बाद देखते ही देखते बात पूरे इलाके में फैल गई और लोग मजाक में कहने लगे कि अब शिव पटेल सचमुच अरबपति बन गए हैं। हालांकि, इतनी बड़ी रकम अचानक आने से उनका पूरा परिवार बेहद परेशान और हैरान है।


बैंक मैनेजर ने दिए सख्त निर्देश

इस अकल्पनीय घटना के बाद शिव पटेल ने एक पड़ोसी की मदद से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा के मैनेजर से संपर्क किया और उन्हें पूरी बात बताई। चूंकि शनिवार को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद था और अगले दिन (12.07.2026) रविवार की छुट्टी थी, इसलिए मैनेजर ने उन्हें तुरंत कोई भी कदम उठाने से रोक दिया। मैनेजर ने शिव पटेल को सख्त हिदायत दी है कि वे फिलहाल खाते से किसी भी तरह का लेन-देन न करें और न ही अपने मोबाइल फोन के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ करें।


तकनीकी खराबी या कुछ और? सोमवार को खुलेगा राज

बैंक मैनेजर ने खाताधारक को सोमवार को शाखा में आने के लिए कहा है, जिसके बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल यह मामला पूरे शहर में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग असमंजस में हैं कि आखिर एक गरीब ई-रिक्शा चालक के खाते में इतनी बड़ी रकम किसने और क्यों ट्रांसफर की, या फिर यह पूरी घटना बैंक के सिस्टम में आई किसी गंभीर तकनीकी खराबी (Technical Glitch) का नतीजा है।


मनोज कुमार की रिपोर्ट