Pitrupaksha Mela 2026 : विष्णुपद मंदिर में बुजुर्ग तीर्थयात्री की बिगड़ी तबीयत, SI राजीव कुमार दुबे ने गोद में उठाकर पहुंचाया स्वास्थ्य केंद्र

Pitrupaksha Mela 2026 : रविवार को विष्णुपद मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें एसआई राजीव कुमार दुबे ने बिना वक्त गंवाए स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया....पढ़िए आगे

Pitrupaksha Mela 2026 : विष्णुपद मंदिर में बुजुर्ग तीर्थयात्
मानवता की मिसाल - फोटो : MANOJ

GAYAJI : विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के दौरान गया के विष्णुपद मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं गया पुलिस की ओर से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इसी दौरान रविवार को विष्णुपद मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर तैनात एसआई राजीव कुमार दुबे ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग तीर्थयात्री को अपनी गोद में उठाया और मंदिर परिसर में बनाए गए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग की स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। एसआई राजीव कुमार दुबे के इस मानवीय और तत्परता भरे कार्य की मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि अक्सर पुलिस को लेकर लोगों के मन में डर की भावना रहती है, लेकिन विष्णुपद मंदिर में पुलिसकर्मी ने जिस तरह बुजुर्ग तीर्थयात्री की मदद की, वह पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है।

पुलिसकर्मी द्वारा बुजुर्ग को अपनी गोद में उठाकर स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने का यह दृश्य श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

मनोज की रिपोर्ट