महज 10 फीट जमीन के लिए रिश्ते का कत्ल : बड़े भाई ने लोहे की रॉड से मारकर सगे छोटे भाई की ली जान

गया जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां जमीन के चंद टुकड़ों के लिए एक भाई ने अपने ही सगे भाई की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके मे मातम का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है....

महज 10 फीट जमीन के लिए रिश्ते का कत्ल : बड़े भाई ने लोहे की
जमीन के लिए सगे भाई की हत्या- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित भलूआ गांव में सोमवार सुबह महज 10 फीट जमीन के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। वर्षों से चले आ रहे इस विवाद में गुस्से से तिलमिलाए बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण छोटे भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


गांव में सन्नाटा: दोनो भाइयों के बीच था पुराना विवाद

मृतक की पहचान भलूआ गांव निवासी रामदेव केशरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बड़ा भाई गुड्डू केशरी उर्फ महेश प्रसाद है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच घर की 10 फीट जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। सोमवार सुबह करीब 5 बजे इसी बात को लेकर फिर से कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक भाई की जान चली गई।


पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बड़े भाई गुड्डू केशरी को गांव से ही दबोच लिया।


प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए बाराचट्टी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह भाइयों के बीच का आपसी जमीन विवाद सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


महज कुछ फीट जमीन के चक्कर में बिखरा हंसता-खेलता परिवार

इस दुखद घटना के बाद से पूरे भलूआ गांव में मातम का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग स्तब्ध हैं कि महज 10 फीट जमीन के टुकड़े के लिए एक भाई सलाखों के पीछे पहुंच गया और दूसरा दुनिया से रुखसत हो गया। इस खूनी वारदात ने एक ही झटके में पूरे परिवार को बिखरने पर मजबूर कर दिया।

मनोज की रिपोर्ट