Bihar News : गया कॉलेज में महिला प्रोफेसर के साथ मारपीट, पीड़िता ने रजिस्ट्रार से की कार्रवाई की मांग, ABVP ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
Bihar News : गयाजी के गया कॉलेज में एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ उनके ही सहयोगी शिक्षक द्वारा मारपीट की गई। जिसके बाद पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : गयाजी के गया कॉलेज में शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक महिला शिक्षिका बनारस की रहने वाली बताई जा रही है जो की गयाजी के चाणक्यपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर गया कॉलेज में संस्कृत विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर अपनी शैक्षणिक सेवा दे रही हैं। वहीं दंबग शिक्षक शिवजी पांडे भी बनारस का रहने वाला बताया जा रहा है।
कुलसचिव से कार्रवाई की मांग
पीड़ित शिक्षिका ने कुलसचिव को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज की है साथ में उग्र शिक्षक से रक्षा की मांग भी की है। शिक्षिका ने आवेदन में कॉलेज के प्राचार्य पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पहले भी शिक्षक ने मारपीट की है परंतु प्राचार्य ने कोई कार्यवाही नहीं की बल्कि शिक्षक का ही समर्थन करते हुए कहा कि इन्हीं के साथ बैठकर उपस्थिति दर्ज करने को कहा। पीड़ित शिक्षिका ने कुलसचिव से शिवजी पांडे और गया कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपनी रक्षा की भी मांग की है।
एबीवीपी ने महिला सुरक्षा को लेकर उठाएं सवाल
एबीवीपी की प्रांत छात्रा प्रमुख प्रिया सिंह ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनके द्वारा पहले भी मारपीट की शिकायत की गई थी लेकिन कॉलेज प्रशासन ने तरजीह नहीं दी और शिकायत को अनसुना कर दिया। छात्रा प्रमुख ने आगे कहा कि कॉलेज प्रशासन की ऐसी हरकत से ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ जाता है। कहा कि जब महिला शिक्षिका ही नहीं सुरक्षित है तो छात्रा कैसे सुरक्षित होंगी।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा
छात्र कल्याण के पूर्व अध्यक्ष बृजेश राय ने बताया कि शिवजी पांडे अनुशासन का पालन नहीं करते है। छात्र छात्राओं से भी भिड जाते है। घटनास्थल पर माहौल काफी भयभीत था। इसकी शिकायत कॉलेज के प्राचार्य से कई बार किया गया है लेकिन इसके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब मगध विश्विद्यालय के कुलसचिव को शिकायत किये है।
प्रेमशंकर की रिपोर्ट