पूर्व मंत्री तेज प्रताप ने गयाजी के विष्णुपद मंदिर में की पूजा अर्चना, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और वीआईपी सुरक्षा पर दिया बड़ा बयान

Bihar News : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आज गया जी पहुंचे, जहां उन्होंने विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना की। मीडिया से बातचीत के दौरान जहां वे तेजस्वी यादव पर कुछ भी बोलने से बचते रहे, जबकि पीएम मोदी के कई बातों का समर्थन किया...

पूर्व मंत्री तेज प्रताप ने गयाजी के विष्णुपद मंदिर में की पू
तेज प्रताप यादव ने विष्णुपद मंदिर में की पूजा अर्चना- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आज शुक्रवार को गयाजी पहुंचे। गयाजी की पावन धरती पर आगमन के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका बेहद गर्मजोशी और जोरदार स्वागत किया। समर्थकों की भारी भीड़ के बीच स्वागत स्वीकार करने के बाद वे सीधे मोक्ष नगरी गया के विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने भगवान विष्णु के चरणों में शीश नवाया और मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।


मीडिया के सवालों से बचते नजर आए तेज प्रताप

इस दौरे के दौरान तेज प्रताप यादव मीडिया के तीखे और राजनीतिक सवालों से काफी हद तक बचते हुए नजर आए, लेकिन कई राष्ट्रीय व स्थानीय मुद्दों पर उन्होंने अपनी बेबाक राय भी रखी। देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर जब मीडिया कर्मियों ने उनसे सवाल पूछा, तो उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि “अगर कीमत बढ़ी है, तो बढ़ी है। खुद प्रधानमंत्री जी ने भी अब पारंपरिक ईंधन की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने की बात कही है।”


वीआईपी सुरक्षा और वाहनों की संख्या में कटौती का तेज प्रताप ने किया समर्थन

जब मीडिया ने प्रधानमंत्री द्वारा वीआईपी (VIP) काफिले में सुरक्षा और वाहनों की संख्या को सीमित करने की हालिया सलाह का जिक्र किया, तो तेज प्रताप ने इस कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि "काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करना एक अच्छी बात है।" इसी बहाने उन्होंने बिहार सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री की इस सलाह को मानते हुए सूबे के मुख्यमंत्री को भी अपने सरकारी काफिले में सुरक्षा वाहनों की लंबी तादाद को कम करना चाहिए।


तेजस्वी के बयान पर बोलने से किया इंकार

वहीं दूसरी ओर, आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की तैयारियों और सीटों के तालमेल को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए हालिया बयानों पर जब उनसे प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने इस पर ज्यादा खुलकर बोलने से परहेज किया। तेज प्रताप ने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए सिर्फ इतना कहा कि “अगर उन्होंने (तेजस्वी यादव) कोई बयान दिया है, तो दिया है।” इस बयान के जरिए उन्होंने पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी या असहमति के कयासों को टालने की कोशिश की।


गयाजी के ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर में भगवान के दर्शन और अपनी धार्मिक आस्था को लेकर तेज प्रताप यादव काफी उत्साहित दिखे। मीडिया से बातचीत के आखिरी क्षणों में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “विष्णुपद मंदिर हैं, दर्शन करने आए हैं। आप लोग भी भगवान के दर्शन कीजिए।” विष्णुपद मंदिर के पंडा समाज और स्थानीय राजद नेताओं की मौजूदगी में पूजा संपन्न करने के बाद वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए।


मनोज कुमार की रिपोर्ट