गया बीएमपी में तैनात जवान की हार्ट अटैक से मौत, कैंप में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी
Bihar PoliceL गया जी बीएमपी कैंप में उस वक्त मातम पसर गया, जब प्रशिक्षण के लिए आए एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई।
Gaya: बीएमपी कैंप में उस वक्त मातम पसर गया, जब प्रशिक्षण के लिए आए एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक जवान खगड़िया जिले का रहने वाला था और वर्तमान में पटना में पदस्थापित था। वह गया बीएमपी में प्रशिक्षण के लिए आया हुआ था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
जवान की मौत की खबर मिलते ही बीएमपी परिसर में शोक का माहौल बन गया। साथी जवानों और अधिकारियों में मायूसी छा गई। घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।इधर, पुलिस प्रशासन ने मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अचानक जवान की मौत से बीएमपी कैंप में शोक की लहर है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार