Khelo India Youth Games 2025 : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को लेकर गया डीएम ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, बिपार्ड जाकर तैयारियों का लिया जायजा

Khelo India Youth Games 2025 : गया में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स को लेकर डीएम ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की. वहीँ बिपार्ड जाकर खेल की तैयारियों का जायजा लिया.....पढ़िए आगे

Khelo India Youth Games 2025 : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारी - फोटो : MANOJ

GAYA : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के आयोजन को लेकर गया जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम द्वारा महाबोधि संस्कृति केंद्र में आज खेल में लगे पदाधिकारियों/ सम्पर्क पदाधिकारियों को ब्रीफिंग की गई। खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन दिनांक 04.05.2025 से 15.05.2025 तक गया जिला के बिपार्ड एवं IIM बोधगया में निर्धारित है। गया जिला में सात खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना हैं, जिसमें बिपार्ड में तैराकी, खो-खो, थांगटा एवं गटका तथा IIM बोधगया में मलखंम, कलारिपयट्टु, एवं योगासन खेल का आयोजन किया जायेगा। उक्त प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यो से भाग लेने वाले टीमों के साथ उनके आगमन से प्रस्थान तक सभी कोषांगो, नियंत्रण कक्ष से समन्वय स्थापित कर अपेक्षित सहयोग हेतु 286 की संख्या में पदाधिकारियों को सम्पर्क पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी को आज महाबोधि संस्कृति केंद्र में विस्तार से ब्रीफिंग दी गयी है। नियंत्रण कक्ष की पूरी जिम्मेदारी अपर समाहर्ता रैंक के पदाधिकारियों को दिया गया है, ताकि कही भी कोई कमी नही रह सके। इतने बड़े आयोजन को लेकर नियंत्रण कक्ष काफी महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक पदाधिकारियों को लगाया गया है। बताया गया कि खेल के आयोजन में लगभग 2200 खिलाड़ी और सहायक कर्मचारी हिस्सा लेंगे। गया के साथ-साथ कुल पांच जिलों में यह आयोजन होगा।

डीएम गया डॉ० त्यागराजन एसएम ने बताया कि तैयारी के तहत गया कलेक्ट्रेट, बिपार्ड और आईआईएम में तीन नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में पदाधिकारी और कर्मी तैनात रहेंगे। इन नियंत्रण कक्षों में पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, फायर, सफाई, परिवहन सहित सभी आवश्यक विभागों के कर्मी मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। नियंत्रण कक्ष आज से ही पूर्ण रूप से चालू करवा दिए गए हैं। खिलाड़ियों के आवास के लिए बिपार्ड और आईआईएम में 13 से 15 हॉस्टल चिन्हित किए गए हैं, जहां हर हॉस्टल पर एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवास, भोजन, सफाई, और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों, प्लंबर, बिजली मिस्त्री, और हाउसकीपिंग स्टाफ की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रोजाना बेड शीट, तकिया खोल बदलने और शौचालय की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बिपार्ड में तीन बार गंगा जल की आपूर्ति भी की जाएगी। सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक को दर्शकों के लिए पार्किंग, ड्रॉप गेट और सुरक्षा जांच बिंदु चिन्हित करने का काम सौंपा गया है। जिला परिवहन अधिकारी को पर्याप्त वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने और खिलाड़ियों के आवागमन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा गया है। इसके अलावा, भोजन की गुणवत्ता और कैटरिंग मेनू को फिक्स रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह आयोजन बिहार में पहली बार हो रहा है और इससे राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में देश भर से हजारों खिलाड़ी, अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ भाग लेंगे, जो इसे भारत के सबसे बड़े युवा खेल आयोजनों में से एक बनाता है। इस प्रकार, गया में जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियां और दिए जा रहे निर्देश इस राष्ट्रीय स्तर के खेल महाकुंभ को सफल बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे, जिससे बिहार की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। इसके पश्चात डीएम गया द्वारा बिपार्ड पहुच कर खेल की तैयारियों का जायजा भी लिया गया। घंटो तक रुक कर बिपार्ड में बनाये गए नियंत्रण कक्ष में जाकर वहां पदाधिकारी एवं कर्मियों से किये जा रहे कार्यो की जानकारी लिया। इसके पश्चात सभी खेल कैंपस के भज बारी बारी से निरीक्षण किया ताकि तय समय मे सभी कार्य पूर्ण हो सके। खिलाड़ियों को उनको अपना खेल मैदान पूरी तरह तैयार मिले। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, अपर समाहर्ता आपदा, ज़िला खेल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Nsmch

गया से मनोज की रिपोर्ट

Editor's Picks