Gaya News: गुरुपद पर्वत पर आकाशीय बिजली गिरने से मची भगदड़, एक कि मौत, 2 पुलिसवालों समेत 20 जख्मी

फतेहपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध गुरुपद गिरी पर्वत शिखर पर शनिवार दोपहर पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भीषण वज्रपात हो गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने सेएक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 2 पुलिस जवानों समेत 20 से अधिक श्रद्धालु घायल

Gaya Gurupad Giri Mountain Lightning Strike
गया के गुरुपद गिरी पर्वत पर वज्रपात, 1 की मौत और 20 घायल- फोटो : news 4 nation

गयाजी  जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध गुरुपद गिरी पर्वत पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पर्वत शिखर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में लीन थे, तभी अचानक सुरंग से आगे जाने वाले रास्ते पर भीषण आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिर गई। इसकी चपेट में आने से बेलागंज थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद पर्वत पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


1680 सीढ़ियां उतारकर घायलों को लाया गया नीचे

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने घायल श्रद्धालुओं को पर्वत की करीब 1680 सीढ़ियों से नीचे उतारा। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर, टनकुप्पा और वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। सभी घायलों को तुरंत फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए गया जी रेफर कर दिया गया।


पुलिस जवान समेत 20 से अधिक लोग हुए जख्मी

इस प्राकृतिक हादसे की चपेट में आने से दो पुलिस जवान भी घायल हुए हैं, जिनमें जवान विपिन कुमार शामिल हैं। इसके अलावा घायलों में पप्पू लाल (40), प्रिया कुमारी (19), संजय पासवान (24), सुबोध कुमार (30), आकाश कुमार (10), आदल कुमार (12), शुभम कुमार (28), खुशी कुमारी (12), नीरू देवी (40), शंभू मालाकार (45), रूपा कुमारी (17), हृदय मोदी (35), अनूप कुमार (22), मनीष कुमार (15), रितु कुमारी, राकेश राजवंशी (28) और खुशी कुमारी (13) समेत अन्य लोग शामिल हैं।


अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, लिया स्थिति का जायजा

घटना की भनक लगते ही फतेहपुर सीएचसी और गुरुपद पर्वत पर घायलों के परिजनों की भारी भीड़ जुटने लगी। वहीं प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फतेहपुर अंचलाधिकारी (CO) अमिता सिन्हा, बीडीओ शशि भूषण साहू, गुरपा थाना प्रभारी शिवनंदन कुमार तथा फतेहपुर थाने के एएसआई मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने मौके व अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया।


पर्वत पर फैला मातम, राहत कार्य में जुटे ग्रामीण और पुलिस

गुरुपद गिरी पर्वत पर हुई इस अचानक त्रासदी से पूरे इलाके में शोक और मातम की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका की सराहना की जा रही है, जिन्होंने पुलिस टीम के साथ मिलकर कठिन परिस्थितियों में भी समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाया।