Bihar Crime: गया में विवाहिता की हत्या का आरोप, सास-ससुर गिरफ्तार, दो ननद फरार
Bihar Crime: गया के इमामगंज में 25 वर्षीय विवाहिता रीना कुमारी की हत्या का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो ननद फरार है।
Bihar Crime: बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 25 वर्षीय रीना कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।परिवार के अनुसार, रीना की शादी करीब पांच साल पहले विश्रामपुर गांव निवासी सागर विश्वकर्मा से हुई थी। उनका एक साल का बच्चा भी है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर रीना के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
बताया गया कि रीना का पति काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहता है और वह घर में सास-ससुर के साथ रह रही थी। मृतका के पिता के अनुसार, शनिवार रात रीना ने फोन कर बताया था कि खाने में चार रोटी कम बनने को लेकर सास, ससुर और दोनों ननद उससे झगड़ा कर रहे हैं और ताने दे रहे हैं।परिजनों का आरोप है कि रात में ही सास-ससुर और दोनों ननदों ने मिलकर रीना की गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह परिवार को उसकी मौत की जानकारी दी गई।
इमामगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी
इस मामले में इमामगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतका के चाचा लक्ष्मी मिस्त्री की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।एफआईआर में सास शांति देवी, ससुर इंद्रदेव मिस्त्री और दोनों ननदों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों ननद फिलहाल फरार बताई जा रही हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।