Gaya Koderma Rail Section: बिहार के इन जिलों के लोगों की खुल गई किस्मत,गया-कोडरमा रेलखंड की बदलने वाली है तस्वीर, 190 करोड़ की परियोजनाओं से मिलेगा वर्ल्ड क्लास सफर, सरकार ने दी इन बड़ी योजनाओं को अनुमति
Gaya Koderma Rail Section: गया-कोडरमा रेलखंड को हाईटेक और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने 190.31 करोड़ रुपये की बड़ी विकास परियोजनाओं का खाका तैयार कर दिया है।
Gaya Koderma Rail Section: गया-कोडरमा रेलखंड को हाईटेक और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने 190.31 करोड़ रुपये की बड़ी विकास परियोजनाओं का खाका तैयार कर दिया है। इस मेगा प्लान के तहत स्टेशन आधुनिकीकरण से लेकर रोड ओवरब्रिज, अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद न सिर्फ रेल यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सड़क और रेल यातायात भी पहले से कहीं ज्यादा महफूज़ और सुगम हो जाएगा।
सबसे बड़ा बदलाव अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिलेगा। करीब 28.10 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। यहां भव्य प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शुरुआती सुस्ती के बाद अब निर्माण कार्य ने तेज रफ्तार पकड़ ली है।
रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों की सहूलियत को भी प्राथमिकता दी है। टनकुप्पा, गुरपा, दिलवा, बंधुआ, बंशीनाला और पहाड़पुर स्टेशनों पर करीब 80 लाख रुपये की लागत से रैंप, सुगम प्रवेश मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि किसी भी यात्री को आवाजाही में परेशानी न हो।
वहीं, रेल फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम और हादसों के खतरे को खत्म करने के लिए रेलवे ने 142 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े रोड ओवरब्रिज (ROB) बनाने का फैसला किया है। ये आरओबी गुरपा–पहाड़पुर, पहाड़पुर–टनकुप्पा और टनकुप्पा–बंधुआ रेलखंड के बीच बनाए जाएंगे, जिससे सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।
इसके अलावा टनकुप्पा स्टेशन के पास 6.78 करोड़ रुपये की लागत से नया अंडरपास बनाया जाएगा। दिलवा और बंशीनाला स्टेशनों पर 9.51 करोड़ रुपये खर्च कर आधुनिक फुट ओवरब्रिज, रैंप और सीढ़ियों का निर्माण होगा। वहीं दिलवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 को 2.32 करोड़ रुपये की लागत से ऊंचा किया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में आसानी होगी।रेलवे का यह मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर अभियान पूरा होने के बाद गया-कोडरमा रेलखंड की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। इससे सफर अधिक सुरक्षित, तेज और आरामदायक होगा, जबकि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।