Gaya Pitru Paksha Mela: रामशिला में पिंडदानियों से मिले गणेश पासवान, साफ-सफाई और यातायात का जाना हाल
Gaya Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला के दौरान गया के रामशिला पहुंचे महापौर गणेश पासवान और मोहन श्रीवास्तव ने पिंडदानियों से बातचीत कर साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था का फीडबैक लिया।
Gaya Pitru Paksha Mela: गया में पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से गयाजी पहुंच रहे पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम लगातार मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को गया नगर निगम के महापौर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव रामशिला पहुंचे।
दोनों ने रामशिला क्षेत्र में पिंडदानियों से सीधे बातचीत की और मेला क्षेत्र में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान साफ-सफाई, पेयजल, यातायात और दूसरी नागरिक सुविधाओं को लेकर पिंडदानियों से फीडबैक लिया गया।
पिंडदानियों ने बताई अपनी समस्याएं
पिंडदानियों ने बताया कि रामशिला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था अच्छी है। हालांकि, श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था में थोड़ी परेशानी हो रही है। पिंडदानियों ने जनप्रतिनिधियों के उनके बीच पहुंचकर सीधे समस्याएं सुनने की पहल की सराहना की। कई पिंडदानियों ने बताया कि वे पहली बार गयाजी आए हैं। उन्होंने मेला क्षेत्र में मिल रही सुविधाओं और अपनी यात्रा के अनुभव के बारे में भी महापौर और समिति सदस्य को जानकारी दी।
श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता-महापौर
महापौर गणेश पासवान ने पिंडदानियों को भरोसा दिया कि उनकी सुविधा नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसका जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। महापौर और मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए नगर निगम की टीमें मेला क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं। साफ-सफाई, पेयजल, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को मेला के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
रिपोर्ट मनोज कुमार