Gaya Pitru Paksha Mela: गयाजी में आज पितरों के महापर्व का भव्य आगाज, CM सम्राट चौधरी करेंगे पितृपक्ष मेले का उद्घाटन,विष्णुपद से गांधी मैदान तक तैयारी पूरी

Gaya Pitru Paksha Mela: पितरों की मोक्षभूमि गयाजी में आज से आस्था के महापर्व पितृपक्ष मेला का विधिवत आगाज होगा। ...

Gaya Pitru Paksha Mela
गयाजी में आज पितरों के महापर्व का भव्य आगाज- फोटो : reporter

Gaya Pitru Paksha Mela:  पितरों की मोक्षभूमि गयाजी में आज से आस्था के महापर्व पितृपक्ष मेला का विधिवत आगाज होगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गांधी मैदान में आयोजित समारोह में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और देश-विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को लेकर जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से गया पहुंचेंगे। इसके बाद वह प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री के देवघाट पहुंचकर वहां की तैयारियों का जायजा लेने की भी योजना है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

गांधी मैदान की टेंट सिटी में होगा उद्घाटन

पितृपक्ष मेले के उद्घाटन के लिए गया के गांधी मैदान में विशेष टेंट सिटी तैयार की गई है। इसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। समारोह में कई मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।

पितृपक्ष के दौरान गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया है। विष्णुपद मंदिर और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को लगातार परखा जा रहा है।

25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा पितृपक्ष

इस बार पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया पहुंचेंगे। पिंडदानी अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना को लेकर फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर, देवघाट समेत विभिन्न पिंडवेदी स्थलों पर पिंडदान और तर्पण करेंगे।

पितृपक्ष को लेकर गया नगरी पूरी तरह तैयार है। आस्था के इस महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
रिपोर्ट- मनोज कुमार