Bihar News : गया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, टॉप-10 में शामिल 50 हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार, होमगार्ड अभ्यर्थियों से की थी लूटपाट

Bihar News : गयाजी पुलिस ने जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल और 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को कई मामलों में उसकी तलाश थी.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, टॉप-10 में शामि
50 हज़ार का इनामी गिरफ्तार - फोटो : MANOJ

GAYAJI : अपराध नियंत्रण और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुफस्सिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी बुधवार को मुफस्सिल थाना में डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय ने आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी।

वजीरगंज कैम्प डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में मुफस्सिल थाना पुलिस, तकनीकी शाखा एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था। पुलिस पारंपरिक एवं तकनीकी माध्यमों से लगातार सूचना संकलित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। 

इसी दौरान सूचना मिली कि इनामी बदमाश अमित कुमार बंधुआ गुमटी के पास मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। सुनील कुमार पाण्डेय के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रीन फील्ड फोरलेन बाईपास के पास घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपी मुफस्सिल थाना कांड संख्या 502/25 में वांछित था। 28 मई 2025 को दर्ज इस मामले में अपराधियों ने होमगार्ड बहाली में शामिल होने जा रहे युवकों से पिस्टल के बल पर मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट, मोटरसाइकिल और नकदी लूट ली थी। 

अनुसंधान के दौरान इस कांड में अमित कुमार की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद वह गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा समीर तकिया निवासी अमित कुमार (पिता छोटु राम) के रूप में हुई है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है तथा फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मनोज की रिपोर्ट