Gaya Police Transfer: गया में 3 थानों के बदले गए थानाध्यक्ष, 24 घंटे में योगदान का आदेश,दागी अफसरों पर रोक

गया जिला पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। कोच, मगध मेडिकल और शेरघाटी थानों के थानाध्यक्ष बदले गए हैं। सभी अधिकारियों को 24 घंटे में पदभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

Gaya police inspector transfer
गया में कोच थानेदार समेत 3 का तबादला- फोटो : Reporter

बिहार के गया जिले में बेहतर पुलिसिंग और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। गया एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी जिलादेश संख्या- 1725/2026 के तहत तीन पुलिस निरीक्षकों (Inspectors) का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। इस आदेश के जरिए जिले के तीन प्रमुख थानों—मगध मेडिकल, कोच और शेरघाटी—की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।


इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार, कोच थाना के वर्तमान थानाध्यक्ष सुदेव कुमार को स्थानांतरित कर मगध मेडिकल थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पुलिस केंद्र गया में तैनात आलोक रंजन को कोच थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा, पुलिस कार्यालय की DCRB शाखा में कार्यरत प्रमोद कुमार को शेरघाटी थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

24 घंटे के भीतर योगदान देने का कड़ा निर्देश

प्रशासन ने इस फेरबदल को तुरंत प्रभाव से लागू करते हुए सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। नए पदस्थापन वाले अधिकारियों को आदेश मिलने के 24 घंटे के भीतर अपने-अपने संबंधित थानों में योगदान (Joining) सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि थानों के कामकाज पर कोई असर न पड़े।


दागी और विवादित अफसरों की नो-एंट्री

आदेश में गृह विभाग के सख्त दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए साफ किया गया है कि साफ-सुथरी छवि वाले अधिकारियों को ही थानाध्यक्ष का प्रभार दिया जाएगा। भ्रष्टाचार, महिलाओं से दुर्व्यवहार, कस्टोडियल हिंसा, या किसी भी आपराधिक मामले में आरोपी या दोषी पाए गए पुलिस पदाधिकारियों को थानाध्यक्ष के पद पर तैनात नहीं करने की शर्त रखी गई है।