Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, डॉग स्क्वायड ने चप्पा-चप्पा खंगाला, गया स्टेशन पर मचा हड़कंप

Pitru Paksha Mela: गया रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त - फोटो : MANOJ

Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान गया रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की हिफाजत और किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए आरपीएफ लगातार चौकसी बरत रही है। इसी कड़ी में आरपीएफ पोस्ट गया की ओर से सीआरपीएफ डॉग स्क्वायड टीम के सहयोग से स्टेशन परिसर में सघन बम और विस्फोटक पदार्थ जांच अभियान चलाया गया।

सुरक्षा टीम ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों को बारीकी से खंगाला। डॉग स्क्वायड की मदद से प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, प्रवेश और निकास द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया समेत यात्रियों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने लावारिस पड़े सामान और संदिग्ध वस्तुओं को भी गंभीरता से चेक किया।हालांकि जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। जांच पूरी होने के बाद स्टेशन परिसर में स्थिति सामान्य पाई गई।

दरअसल, पितृपक्ष मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी तादाद में श्रद्धालु गया पहुंचते हैं। गया में पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए आरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।अधिकारियों के मुताबिक स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामान और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा जांच और पेट्रोलिंग आगे भी जारी रहेगी।

डॉग स्क्वायड जांच अभियान के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह, निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, निरीक्षक पंकज यादव, निरीक्षक चंदन कुमार, थानाध्यक्ष शिवकुमार समेत आरपीएफ के अन्य जवान मौजूद रहे। जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने से रेलवे प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

रिपोर्ट- मनोज कुमार