गया जी में महाजुटान: बिहार के सभी 243 विधायकों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम कल से, उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
Gayaji : ज्ञान एवं मोक्ष की पावन भूमि गया जी में कल से बिहार के सभी विधायकों का दो दिवसीय विशेष प्रबोधन (प्रशिक्षण) कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है।18 वीं बिहार विधानसभा के गठन के बाद आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राज्य के सभी $243$ विधानसभा क्षेत्रों के माननीय विधायक शिरकत करेंगे। इस बेहद महत्वपूर्ण और हाईप्रोफाइल आयोजन को लेकर गया स्थित बिपर्ड (BIPARD) परिसर को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आज रात से ही विधायकों का गया जी आगमन शुरू होने की उम्मीद है।
पहले दिन उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बढ़ाएंगे गरिमा
11 और 12 जुलाई को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन देश के माननीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा, इस विशेष सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के भी शामिल होने की आधिकारिक सूचना है। इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों की मौजूदगी के कारण इसे बिहार का अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण राजनीतिक-संसदीय आयोजन माना जा रहा है।
नए और पुराने विधायकों को सिखाए जाएंगे संसदीय कार्यप्रणाली के गुर
इस प्रबोधन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवनिर्वाचित और वर्तमान विधायकों को संसदीय कार्य प्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विधानसभा के नियमों की गहन जानकारी देना है। इस कार्यशाला के माध्यम से जन प्रतिनिधियों को सदन के भीतर जनता की आवाज अधिक प्रभावी ढंग से उठाने और विधायी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की बारिकियाँ सिखाई जाएंगी।
VIP मूवमेंट को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, कई रूट डायवर्ट
उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और देश भर से आ रहे VIP नेताओं के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार जमीनी स्तर पर कैंप कर रहे हैं और अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जा रहे हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कोई असुविधा न हो, इसके लिए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं और कई प्रमुख सड़कों के रूट को आज रात से ही डायवर्ट कर दिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लिया तैयारियों का जायजा
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की है और इसे राज्य के संसदीय इतिहास में एक मील का पत्थर बताया है। उन्होंने अधिकारियों को हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को समय पर और त्रुटिहीन तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है ताकि गया आने वाले सभी अतिथियों का भव्य स्वागत सुनिश्चित किया जा सके।
मनोज कुमार की रिपोर्ट