गयाजी में दिनदहाड़े किराना व्यापारी से 2.10 लाख रुपए की लूट, ब्रेजा सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर घटना को दिया अंजाम

गयाजी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। कार सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर किराना व्यापारी से 2.10 लाख रुपये लूट लिए......

गयाजी में दिनदहाड़े किराना व्यापारी से 2.10 लाख रुपए की लूट,
गयाजी में दिनदहाड़े किराना व्यापारी से लूट- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े भरी दुपहरी में एक किराना व्यापारी से 2 लाख 10 हजार रुपए लूट लिए। सफेद रंग की ब्रेजा कार में सवार होकर आए बदमाशों ने व्यापारी के पिकअप वाहन का पीछा किया और गणेशचक गांव के पास गाड़ी रोककर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।


इटमा बाजार से ही हो रहा था पिकअप का पीछा

बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यापारी जयराम केसरी अपनी किराना दुकान के लिए सामान खरीदने जा रहे थे और वे पिकअप वाहन से सफर कर रहे थे। पिकअप चालक शंकर पासवान के अनुसार, इटमा बाजार से ही एक सफेद रंग की ब्रेजा कार उनका लगातार पीछा कर रही थी। हालांकि, रास्ते में पिकअप द्वारा साइड दिए जाने पर कार आगे निकल गई थी, जिससे उन्हें किसी अनहोनी का शक नहीं हुआ।


हथियार दिखाकर व्यापारी और चालक के साथ मारपीट

कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद गणेशचक गांव के पास वही ब्रेजा कार अचानक सामने आ गई और बदमाशों ने पिकअप के आगे अपनी कार खड़ी कर रास्ता रोक लिया। गाड़ी रुकते ही हथियार से लैस चार-पांच बदमाश नीचे उतरे और व्यापारी जयराम केसरी के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर चालक शंकर पासवान को भी पीटा गया, जिसके बाद बदमाशों ने पिकअप की चाबी छीनी और 2.10 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।


पुलिस प्रशासन और एसडीपीओ की त्वरित मौके पर एंट्री

वारदात की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोधगया एसडीपीओ मधु कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्होंने पीड़ित व्यापारी तथा चालक से पूरी घटना की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।


बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी और सघन जांच

घटना के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छानबीन में जुटी हुई है। इलाके के अलग-अलग मोर्चों और मार्गों पर नाकेबंदी कर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट