Bihar rain: बारिश बनी मुसीबत, दुरंतो से जनशताब्दी तक सब रुकी, रेल यातायात ठप, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Bihar rain: मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि रेल यातायात से लेकर बिजली आपूर्ति तक सब कुछ बुरी तरह प्रभावित हो गया।...

Bihar rain: बारिश बनी मुसीबत, दुरंतो से जनशताब्दी तक सब रुकी
दुरंतो से वंदे भारत तक सब अटकी- फोटो : social Media

Bihar rain: मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि रेल यातायात से लेकर बिजली आपूर्ति तक सब कुछ बुरी तरह प्रभावित हो गया। गया जी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और फिसलन भरी पटरियों ने रेलवे के सिस्टम की पोल खोल दी। गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में दुरंतो एक्सप्रेस घंटों तक अटकी रही, वहीं बसकटवा हॉल्ट पर नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस चढ़ाई में फंस गई। अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस गुरपा में, जनशताब्दी एक्सप्रेस पहाड़पुर में और वंदे भारत एक्सप्रेस टनकुप्पा में ठहर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 8:30 बजे से ट्रेनें एक के बाद एक ठप होती चली गईं और पूरा रेलखंड मानो जाम की चपेट में आ गया।

रेलवे के आला अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुटे रहे। पीडब्ल्यूआई स्तर पर ट्रैक की जांच और निरीक्षण कराया जा रहा है ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके। फिलहाल परिचालन को सामान्य करने की कवायद तेज कर दी गई है।

इधर, प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को भी झकझोर दिया। डुमरिया के भदवर इलाके में वज्रपात की चपेट में आकर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश और ठनका गिरने की घटनाओं से दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

मौसम के इस बदले मिजाज ने न केवल परिवहन व्यवस्था को हिला दिया बल्कि प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी हलकों में इसे सरकार की अव्यवस्था और आपदा प्रबंधन की कमजोरी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में बताकर जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने का दावा कर रहे हैं। बिहार के इस घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्राकृतिक आपदाओं के सामने व्यवस्थाएं कितनी कमजोर पड़ जाती हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन पर विपक्ष लगातार हमलावर है और राहत व बचाव कार्यों की गति पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार हालात सामान्य करने और त्वरित बहाली का भरोसा जनता को दे रही है।