Bihar News : गयाजी में महज 10 फीट के भूमि विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar News : बड़े भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने ही छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी में महज 10 फीट के भूमि विवाद में बड़े भाई
जमीन विवाद में भाई की हत्या - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में महज 10 फीट जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। वर्षों से चले आ रहे विवाद ने सोमवार सुबह ऐसा मोड़ लिया कि बड़े भाई ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने ही छोटे भाई की जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

वर्षों पुराना विवाद बना हत्या की वजह

बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलूआ गांव निवासी गुड्डू केशरी उर्फ महेश प्रसाद और उनके छोटे भाई रामदेव केशरी के बीच करीब 10 फीट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच इस जमीन को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद एक दिन खून-खराबे तक पहुंच जाएगा।

सुबह की बहस ने लिया हिंसक रूप

सोमवार सुबह करीब पांच बजे दोनों भाई फिर जमीन को लेकर आमने-सामने आ गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में बड़े भाई ने पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर छोटे भाई रामदेव के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रामदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने मौके से ही आरोपी को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। साथ ही आरोपी गुड्डू केशरी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। एक ही परिवार के दो सगे भाइयों के बीच हुए इस हत्याकांड से पूरे भलूआ गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और चर्चा कर रहे हैं कि महज कुछ फीट जमीन के लिए एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया।

पुलिस कर रही है कानूनी कार्रवाई

बाराचट्टी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मनोज की रिपोर्ट