गयाजी में 14-15 सितंबर को आयोजित होगा ‘इन्फ्रा बिल्ट एक्सपो-2026’, भवन निर्माण की आधुनिक तकनीक से रूबरू होंगे लोग
Gayaji : जिले में भवन निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘इन्फ्रा बिल्ट एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 14 और 15 सितंबर को गया के होटल घराना ट्री में आयोजित होने वाले इस एक्सपो की मेजबानी 'Architects & Engineers Association, गया जी' कर रहा है। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे, जबकि समापन समारोह में गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
तकनीकी सेमिनार और देश की प्रमुख कंपनियों की भागीदारी
एक्सपो में भवन निर्माण सामग्री की प्रदर्शनी, तकनीकी प्रस्तुतियां, विशेष सेमिनार और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स, बिल्डर्स और निर्माण क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को एक साझा मंच प्रदान करना है। एक्सपो में एसीसी सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, ग्रीनप्लाई, कोलर, फिलिप्स, एचडी और लायन कैपिटल स्टील जैसी देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां अपने अत्याधुनिक उत्पादों और निर्माण तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षित निर्माण और आम लोगों को जागरूक करने की पहल
आयोजकों के अनुसार, इस एक्सपो के जरिए तकनीकी विशेषज्ञों के साथ बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक निर्माण तकनीकों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, आम जनता को भी यह समझाया जाएगा कि अपने सपनों का घर बनाते समय गुणवत्तापूर्ण सामग्री, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों की सलाह का प्रभावी उपयोग कैसे करें। यह प्रयास आम लोगों को कम लागत में सुरक्षित व टिकाऊ निर्माण की सही जानकारी देगा।
गया को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने का संकल्प
'Architects & Engineers Association' की सोच केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे गया के समग्र विकास को लेकर भी काम कर रहे हैं। संगठन का मानना है कि गया की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ शहर का आधुनिक और सुव्यवस्थित विकास भी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को दिखना चाहिए। उनका उद्देश्य है कि गया की पहचान ज्ञान व तप की भूमि के साथ-साथ एक विकसित और स्मार्ट शहर के रूप में बने।
शहरी विकास में विशेषज्ञों की भूमिका और व्यापक तैयारियां
संगठन का जोर इस बात पर भी है कि सरकार की शहरी विकास परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स की विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। आयोजन की सफलता के लिए एसोसिएशन के अध्यक्ष बिनय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में मनीष कुमार, प्रशांत सिन्हा, सुनील कुमार शर्मा, रजनीश सिन्हा, मोहम्मद सरफराज और वसीम रजा समेत पूरी टीम जुटी हुई है। आयोजकों का दावा है कि यह एक्सपो गया में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
मनोज की रिपोर्ट