आरक्षण में वर्गीकरण के विरोध में उतरा जन सुराज, जीतन राम मांझी और संतोष सुमन का फूंका पुतला

आरक्षण में वर्गीकरण के विरोध में जन सुराज पार्टी द्वारा गया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार के मंत्री संतोष सुमन का पुतला दहन किया....

आरक्षण में वर्गीकरण के विरोध में उतरा जन सुराज, जीतन राम मां
आरक्षण में वर्गीकरण के विरोध में उतरा जन सुराज- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : आरक्षण में वर्गीकरण के विरोध में जन सुराज पार्टी के नेता एवं बोधगया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी लक्ष्मण मांझी के नेतृत्व में गया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू हुआ यह विरोध मार्च समाहरणालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा, जहां उग्र कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन का पुतला दहन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम महिला-पुरुषों ने भाग लिया।


आरक्षण समाप्त करने की साजिश का लगाया आरोप 

प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण में वर्गीकरण किए जाने तथा इसके जरिए आरक्षण को धीरे-धीरे समाप्त किए जाने की आशंका को लेकर सरकार व संबंधित नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत में लक्ष्मण मांझी ने कहा कि आरक्षण का मुख्य उद्देश्य सदियों से वंचित, शोषित और पिछड़े वर्ग को समाज की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी नेता इस व्यवस्था की मूल भावना से खिलवाड़ कर इसका लाभ सीमित परिवारों तक ही सीमित कर रहे हैं।


सामान्य सीटों से चुनाव लड़ने की दी खुली चुनौती 

लक्ष्मण मांझी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो नेता आज आरक्षण में वर्गीकरण की वकालत कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए और सामान्य सीटों से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करनी चाहिए। उन्होंने सत्तासीन नेताओं पर अपनों और करीबियों को राजनीतिक लाभ पहुँचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का राजनीतिक बंटवारा या समझौता स्वीकार नहीं करेगा।


जान-माल के खतरे का आरोप, पुलिस में शिकायत की बात 

प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मण मांझी ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ की जा रही बयानबाजी से उनकी जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और मंत्री संतोष कुमार सुमन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस संबंध में जल्द ही पुलिस से शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके पास साक्ष्य के तौर पर कुछ दस्तावेज भी उपलब्ध हैं, जिन्हें वे जांच के दौरान पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।


वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा का संकल्प 

पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। जन सुराज के नेताओं ने स्पष्ट किया कि आरक्षण में वर्गीकरण के नाम पर दलितों व पिछड़ों को बांटने की कोशिशों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित नेताओं ने जनभावनाओं के विपरीत निर्णय लिया, तो इस जन आंदोलन को और अधिक व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।

मनोज की रिपोर्ट