गयाजी पुलिस और एसटीएफ का बड़ा क्रैकडाउन: 3,500 लीटर से अधिक विदेशी शराब, 65.5 किग्रा डोडा और देशी शराब बरामद, कई गिरफ्तार
अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस और एसटीएफ की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग इलाको में छापेमारी कर भारी मात्रा शराब और नशीला पदार्थ बरामद.
Gyaji : जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस और एसटीएफ की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 3,500 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब, 65.5 किलोग्राम मादक पदार्थ डोडा (डोडा चूर्ण) तथा 54 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान अवैध धंधे में शामिल एक तस्कर और तीन महिला अभियुक्तों सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शेरघाटी में ट्रक से 3,548 लीटर विदेशी शराब जब्त
पहली बड़ी कार्रवाई शेरघाटी थाना क्षेत्र के पिपरपहाड़ी में हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक डीसीएम ट्रक को पकड़ा। ट्रक की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से कुल 3,548.880 लीटर अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ कर शराब की आपूर्ति और इसके मुख्य नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
बाराचट्टी में एसटीएफ के साथ छापेमारी, 65.5 किग्रा डोडा संग तस्कर गिरफ्तार
दूसरी बड़ी सफलता गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बाराचट्टी थाना क्षेत्र के फुनगुनिया गांव में मिली। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने फुनगुनिया निवासी होरिल यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही भाग रहे आरोपी होरिल यादव को खदेड़कर पकड़ लिया गया। उसके घर से चार प्लास्टिक के बोरों में रखा कुल 65.5 किलोग्राम अवैध डोडा और डोडा चूर्ण बरामद हुआ, जिसके बाद बाराचट्टी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 54 लीटर देशी शराब बरामद, 3 महिलाएं गिरफ्तार
इसके अलावा, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 08 सितंबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देशी महुआ शराब के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अलीपुर थाना क्षेत्र से 13 लीटर शराब के साथ तीन महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं मऊ थाना क्षेत्र से 8 लीटर, पाईबिगहा से 18 लीटर और नीमचक बथानी थाना क्षेत्र से 15 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई।
बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामले दर्ज, अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने सभी मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। गया पुलिस प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, भंडारण तथा परिवहन में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मनोज की रिपोर्ट