गया जंक्शन पर 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 चोरी के मोबाइल और 4,000 नगद के साथ दो शातिर को दबोचा

'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान गया रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 से दो शातिर मोबाइल चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है....

गया जंक्शन पर 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत रेल पुलिस की बड
गया रेलवे स्टेशन पर दो मोबाइल चोर गिरफ्तार- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : गया रेलवे स्टेशन पर रेल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 से दो शातिर मोबाइल चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी के स्मार्टफोन और ₹4,000 नगद बरामद किए गए हैं।


संदेह के आधार पर हुई कार्रवाई

रेल थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस बलों को देखते ही दोनों व्यक्ति घबराकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही खदेड़कर पकड़ लिया।


कड़ाई से पूछताछ और बैग की तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के 3 मोबाइल फोन और 4,000 नगद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 51,000 बताई जा रही है, जो ट्रेन यात्रियों के पॉकेट या बैग से चोरी किए गए थे।


ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर देते थे घटना को अंजाम

पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास और कार्यशैली (Modus Operandi) काफी शातिराना रही है। रेल पुलिस के अनुसार, ये आरोपी यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर जेब से मोबाइल पार कर देते थे। चलती ट्रेन की खिड़की से यात्रियों के हाथ से मोबाइल झपटकर (स्नैचिंग) फरार हो जाते थे।


"इन शातिर चोरों की तलाश रेल पुलिस को काफी दिनों से थी। आखिरकार चेकिंग अभियान के दौरान ये हत्थे चढ़ गए। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और हालिया चोरी की घटनाओं का पता लगाया जा सके।"


मनोज कुमार की रिपोर्ट