गया और सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास और हत्या कांड में शामिल 6 आरोपी गिरफ्तार

बिहार में अपराध पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही। प्रदेश के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हे सलाखों के पीछे डाला जा रहा है....

गया और सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास और
गया और सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : रिपोर्टर

Gaya/Saharsha : बिहार में अपराध पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही। प्रदेश के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हे सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। इसी कड़ी में गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में पुलिस ने चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत वर्ष 2023 के एक पुराने मामले में सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोदीपुर पुल के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने के आरोपी तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कोंच थाना में दर्ज मामला के तहत की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान साओ बड़गांव निवासी मुन्ना शर्मा, बुगल शर्मा और अरविंद शर्मा के रूप में हुई है। गया पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।


सहरसा में 24 घंटे के भीतर हत्या कांड का खुलासा 

दूसरी ओर, सहरसा जिले के चिड़ैया थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान टोला में हुई हिंसक वारदात में गंभीर रूप से घायल अर्जुन सादा की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। घटना के बाद चिड़ैया थाना में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सहरसा के निर्देश पर सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने महज 24 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिया।


तकनीकी जांच के आधार पर तीन नामजद आरोपी दबोचे गए 

विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय आसूचना के आधार पर सघन छापेमारी करते हुए हत्या में शामिल तीन नामजद आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोकरहां टोल सहोरिया निवासी मुकेश कुमार, सूरज कुमार और शंकर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या कांड का सफल उद्भेदन हुआ है और स्थानीय स्तर पर पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है।



गया में पुराने गंभीर मामलों के वांछितों पर कसता शिकंजा 

गया जिले में कोंच थाना पुलिस द्वारा की गई इस गिरफ्तारी से पुराने मामलों में फरार चल रहे अन्य अपराधियों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है। 15 मई 2023 को हुए इस जानलेवा हमले के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।


अपराध नियंत्रण को लेकर दोनों जिलों की पुलिस मुस्तैद 

सहरसा में गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पुलिस फिलहाल गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी स्पष्ट किया जा सके। सहरसा और गया में हुई इन ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों को बिहार पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। दोनों जिलों के पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक वारदातों में शामिल किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा।


गया से मनोज और सहरसा से छोटू सरकार की रिपोर्ट