अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध कोयला लदे दो ट्रक जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध को
अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : गया पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कोयला लदे ट्रक और एक बालू लदे ट्रैक्टर का डाला जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार करने में भी सफलता पाई है।


बाराचट्टी में कोयला लदे दो ट्रक जब्त, दो गिरफ्तार 

पुलिस को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली कि बाराचट्टी थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं द्वारा चोरी-छिपे अवैध तरीके से कोयले का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बाराचट्टी थाना पुलिस की टीम ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो कोयला लदे ट्रकों को जब्त करते हुए मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।


परैया में बालू लदे ट्रैक्टर पर पुलिस की छापेमारी 

अवैध खनन के खिलाफ दूसरी कार्रवाई गया के परैया थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई। परैया इलाके में अवैध बालू के परिवहन की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया और मौके से एक बालू लदे ट्रैक्टर का डाला बरामद कर जब्त कर लिया गया।


शेरघाटी और लातेहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी 

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेरघाटी निवासी नरेश शर्मा के पुत्र रौनक कुमार और लातेहार (झारखंड) जिले के कुंडवा स्टेशन निवासी भोला यादव के पुत्र शंकर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में बाराचट्टी और परैया थानों में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


माफियाओं के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान 

गया पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, बालू व कोयला चोरी और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्यावरण और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले खनन माफियाओं व तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष चेकिंग व धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

मनोज कुमार की रिपोर्ट