Bihar Train Accident: बिहार में बड़ा रेल हादसा टला! ट्रैक पर रखी लोहे की प्लेट देख चालक ने रोकी ट्रेन, हजारों यात्रियों की बची जान

Bihar Train Accident: बिहार में एकबार फिर बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया है। ...

Major Train Mishap Averted in Bihar After Iron Plate Found o
बिहार में बड़ा रेल हादसा टला!- फोटो : social Media

Bihar Train Accident: बिहार में एकबार फिर बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया है। गयाजी से राजगीर जाने वाली बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस शनिवार अहले एक बड़े रेल हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में रखी गई लोहे की प्लेट को समय रहते देख लेने के बाद ट्रेन चालक और गार्ड की सूझबूझ ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस रात करीब 1:05 बजे गया जंक्शन से राजगीर के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन अपनी निर्धारित रफ्तार से आगे बढ़ रही थी, तभी चालक नवनीत कुमार की नजर रेलवे ट्रैक पर रखी एक लोहे की प्लेट पर पड़ी। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल ब्रेक लगाया और अंतिम रोक सिग्नल के समीप ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया। गार्ड राजीव कुमार ने भी पूरी सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दी।

घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन रेलवे अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया, रेलवे लाइन पर रखी गई लोहे की प्लेट को हटाया और यह सुनिश्चित किया कि आगे का ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है।

सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद लगभग 10 मिनट के भीतर बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को पूरी स्थिति की जानकारी दी, जिसके बाद उनका डर और चिंता भी कम हो गई।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि रेल संचालन में चालक और गार्ड की सतर्कता कितनी अहम होती है। फिलहाल रेलवे इस बात की भी जांच कर रहा है कि ट्रैक पर लोहे की प्लेट कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंची। यदि इसमें किसी शरारती तत्व की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।