प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश, 15 अक्टूबर से बालू घाटों के संचालन शुरू होते ही 24 घंटे करे सख्त निगरानी

प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश, 15 अक्टूबर स
प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा का सख्त निर्देश- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : गया जिले के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला अतिथि गृह, गया में अवैध खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग एवं अवैध भंडारण की रोकथाम को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 15 अक्टूबर 2026 से बालू घाटों के संचालन के साथ ही सभी घाटों पर 24 घंटे कड़ी और सतत निगरानी रखी जाए।


नियमों के उल्लंघन पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई के आदेश 

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग आपस में बेहतर तालमेल के साथ अभियान चलाएं। उन्होंने बालू घाटों से आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच, वैध ई-चालान और आवश्यक दस्तावेजों के कड़ाई से सत्यापन का निर्देश दिया। नियमों की अनदेखी या ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और संलिप्त लोगों पर बिना किसी ढिलाई के सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।


राजस्व संग्रह में दर्ज की गई 14.35 करोड़ की बढ़ोतरी 

बैठक में खनिज विकास पदाधिकारी, गया ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक कुल ₹4901.31 लाख (₹49.01 करोड़) का राजस्व संग्रह किया गया है। यह आंकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) में सितंबर 2025 तक प्राप्त राजस्व की तुलना में ₹1435.84 लाख (₹14.35 करोड़) अधिक है।


1050 छापेमारी, 292 वाहन जब्त और 59 गिरफ्तारियाँ खनिज विकास अधिकारी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर नकेल कसने के लिए अब तक:

  • 1050 छापेमारी की जा चुकी हैं।
  • 292 वाहनों को जब्त किया गया है।
  • 176 प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई हैं।
  • 59 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
  • जुर्माने के रूप में निर्धारित ₹816.65 लाख के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक ₹376.32 लाख की वसूली की जा चुकी है।



प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों या तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।


मनोज की रिपोर्ट