Pitrupaksha Mela 2026 : गयाजी में पितृपक्ष मेले के दौरान नगर निगम की अनोखी पहल, ड्रोन से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत
Pitrupaksha Mela 2026 : पितृपक्ष मेला के दौरान गयाजी पहुंचे देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के स्वागत और सम्मान में सोमवार को गया नगर निगम की ओर से विशेष पहल की गई।
GAYAJI : पितृपक्ष मेला के दौरान गयाजी पहुंचे देश-विदेश के तीर्थयात्रियों के स्वागत और सम्मान में सोमवार को गया नगर निगम की ओर से विशेष पहल की गई। विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी के देवघाट पर मौजूद श्रद्धालुओं पर ड्रोन हेलीकॉप्टर के जरिए फूलों की बारिश कर उनका भव्य स्वागत किया गया। अचानक आसमान से फूलों की बारिश होते देख श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला है। देखते ही देखते विष्णुपद मंदिर परिसर और फल्गु तट का माहौल भक्तिमय हो गया है। पुष्पवर्षा का दृश्य श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा है। इस दौरान नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, डिप्टी मेयर चिंता देवी तथा पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव विष्णुपद मंदिर और देवघाट पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया है। इसके साथ ही ड्रोन हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया है।
ड्रोन हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का सम्मान : मेयर
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि ड्रोन हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और सम्मान करना गयाजी की अतिथि सत्कार की परंपरा का प्रतीक है। पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंडदान और तर्पण के लिए गयाजी पहुंचते हैं। यहां आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री हमारे लिए अतिथि के समान है। इसलिए उनका सम्मान और स्वागत करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि गयाजी आने वाले श्रद्धालु अपने साथ धार्मिक आस्था और भावनाएं लेकर आते हैं। ऐसे में नगर निगम की कोशिश है कि उन्हें बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, घाटों की सफाई, आवागमन समेत अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और नगर निगम की टीम लगातार मेला क्षेत्र में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। मेयर ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की धार्मिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं के स्वागत में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। इसी भावना के साथ विष्णुपद मंदिर और देवघाट पर ड्रोन हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर तीर्थयात्रियों का अभिनंदन किया गया है।
पुष्पवर्षा गयाजी की मेहमाननवाजी का संदेश : मोहन श्रीवास्तव
पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि ड्रोन हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत करना गयाजी की मेहमाननवाजी और सम्मान की भावना को दर्शाता है। आसमान से फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं के बीच खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि यह पुष्पवर्षा सिर्फ स्वागत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि गयाजी की ओर से देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों के प्रति आत्मीय सम्मान का भाव है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। श्रद्धालु कई दिनों तक यहां रहकर अलग-अलग पिंडवेदी और धार्मिक स्थलों पर अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान और तर्पण करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है। मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का मेला क्षेत्र में पहुंचकर श्रद्धालुओं से सीधे संवाद करने का उद्देश्य व्यवस्थाओं का वास्तविक फीडबैक लेना भी है। इस दौरान तीर्थयात्रियों से साफ-सफाई, पेयजल, घाटों की व्यवस्था, प्रकाश, आवागमन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। श्रद्धालुओं से मिले सुझावों को व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।
पुष्पवर्षा बनी आकर्षण का केंद्र
विष्णुपद मंदिर और देवघाट पर ड्रोन हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने पूरे आयोजन को खास बना दिया है। फल्गु तट पर पिंडदान और तर्पण में जुटे श्रद्धालुओं पर जब आसमान से फूल बरसे तो कई लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गयाजी में मिले आत्मीय सम्मान का प्रतीक बताया है। इस दौरान पार्षद विनोद यादव, मनोज कुमार, अंजली कुमारी, सोनू शर्मा, डिम्पल कुमार समेत कई पार्षद मौजूद रहे।
रिपोर्ट मनोज कुमार