Bihar News:20 साल बेमिसाल प्रदर्शनी का आगाज, नीतीश सरकार के विकास कार्यों की दिखाई गई झलक

Bihar News: जनता दल यूनाइटेड की ओर से ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Bihar News:20 साल बेमिसाल प्रदर्शनी का आगाज, नीतीश सरकार के
20 साल बेमिसाल प्रदर्शनी का आगाज- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल और इस दौरान किए गए विकास कार्यों को जनता के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से गया जी में जनता दल यूनाइटेड की ओर से ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केदारनाथ मार्केट स्थित पंडाल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी के जरिए नीतीश कुमार के कार्यकाल, सात निश्चय योजना और राज्य में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

प्रदर्शनी में नीतीश कुमार के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और सरकार की प्रमुख योजनाओं को तस्वीरों तथा अन्य दृश्य माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। आयोजकों का उद्देश्य इन योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के तहत रात में प्रोजेक्टर के माध्यम से भी नीतीश कुमार के कार्यकाल की सचित्र प्रस्तुति दिखाई जाएगी, ताकि लोग तस्वीरों के जरिए विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों से परिचित हो सकें।

नवरात्र की सप्तमी से दशहरा तक चलेगा आयोजन

जदयू की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम नवरात्र की सप्तमी से शुरू होकर आगामी दशहरा तक चलेगा। इस दौरान प्रदर्शनी के माध्यम से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक कार्यकाल तथा बिहार में लागू की गई योजनाओं की जानकारी लोगों के बीच रखेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में सक्रियता देखी गई।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में बेलागंज की विधायक मनोरमा देवी, पूर्व मंत्री विनोद यादव और एमएलसी संजय गांधी सहित जदयू के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम का आयोजन गया जिला जदयू अध्यक्ष अजय कुशवाहा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।जदयू की इस प्रदर्शनी में खास तौर पर सात निश्चय योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों को प्रमुखता दी गई है। तस्वीरों और प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यकाल की झलक दिखाने की व्यवस्था की गई है। दशहरा तक चलने वाले इस आयोजन के जरिए पार्टी अपने कार्यकाल और योजनाओं को जनता के सामने प्रस्तुत करेगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार