Bihar Road Accident : गया में ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की हुई मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

Bihar Road Accident : बिहार के गया जिले के चेरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आठ माइल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : गया में ट्रक की चपेट में आने से एक व्य
सड़क हादसे में मौत - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के चेरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आठ माइल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भोला मांझी के रूप में की गई है। हादसे के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटना स्थल पर एकत्रित हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की राशि और दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गया-चेरकी मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन काफी समय तक बाधित रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित मुआवजा व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर सड़क जाम समाप्त करवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक भोला मांझी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि गया-चेरकी मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारित करने और हादसों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और चालक की पहचान में जुटी हुई है।

मनोज की रिपोर्ट